प्रधानमंत्री मोदी शनिवार रात चेन्नई पहुंचे, तमिलनाडु एवं पुडुचेरी का रविवार को करेंगे दौरा
देवेंद्र
- 28 Feb 2026, 11:44 PM
- Updated: 11:44 PM
चेन्नई, 28 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार यानी एक मार्च को तमिलनाडु और पुडुचेरी के अपने एक दिवसीय दौरे से पहले शनिवार रात यहां पहुंचे।
मोदी इस दौरे के दौरान कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, राज्य के वित्त मंत्री थंगम थेन्नारासु, 'ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम' के महासचिव ई के पलानीस्वामी, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सौंदराजन और पार्टी के अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। बाद में मादी रात्रि प्रवास के लिए लोक भवन रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। उनके दौरे से पहले पुडुचेरी और मदुरै में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मदुरै में वह तिरुप्पारनकुंड्रम में अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे।
पिछले साल कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा एक दीपथून (पत्थर के स्तंभ) के ऊपर दीपक जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, क्योंकि स्थानीय अधिकारियों ने इस कदम का विरोध किया था।
मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने हिंदुओं को तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर, एक दरगाह के पास स्थित दीपथून के ऊपर दीपक जलाने की अनुमति दी और दो समुदायों के बीच संघर्ष की आशंका के लिए स्थानीय अधिकारियों को दोषी ठहराया।
नागेंद्रन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दो मार्च को तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी की परिक्रमा (गिरिवालम) करें ताकि पत्थर के स्तंभ के ऊपर दीपक जलाने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जा सके।
हिंदू मुन्नानी के प्रदेश अध्यक्ष कादेश्वर सुब्रमण्यम ने भी भक्तों से दो मार्च को तमिल महीने मासी में शुभ माघ नक्षत्र के साथ गिरिवालम करने की अपील की है।
सुब्रमण्यम ने एक बयान में कहा, "पूर्णिमा के दिन पड़ने वाला माघ नक्षत्र भगवान मुरुगन के लिए शुभ होता है। इसलिए, हम भक्तों से आग्रह करते हैं कि वे तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर जाएं, जहां काशी विश्वनाथ मंदिर और सुब्रह्मण्य स्वामी मंदिर स्थित हैं, और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करें।"
उन्होंने कहा कि मुरुगा भक्तों द्वारा सार्वभौमिक कल्याण के लिए गिरिवालम का आयोजन किया जा रहा है।
नागेंद्रन ने कहा कि प्रधानमंत्री रविवार को मदुरै में राजग की रैली को संबोधित करेंगे।
केंद्र शासित प्रदेश की अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री पुडुचेरी में बुनियादी ढांचे, शहरी सेवाओं, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सतत विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अवसंरचना परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
शाम करीब चार बजे, मोदी तिरुप्पारनकुंड्रम के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11.45 बजे पुडुचेरी में परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वह आधिकारिक कार्यक्रम के लिए मदुरै जाएंगे, जो अपराह्न करीब तीन बजे शुरू होगा।
भाषा सिम्मी
देवेंद्र
देवेंद्र
2802 2344 चेन्नई