रथ की हत्या के मामले की जांच सही दिशा में बढ़ रही है : शुभेंदु अधिकारी
मनीषा
- 07 May 2026, 01:35 PM
- Updated: 01:35 PM
कोलकाता, सात मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को भरोसा जताया कि पुलिस उनके कार्यकारी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला सुलझा लेगी।
शुभेंदु ने साथ ही कहा कि जांचकर्ता ''सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।''
वह बारासात अस्पताल पहुंचे, जहां रथ का पोस्टमार्टम किया गया।
शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों से कहा, ''पुलिस काम कर रही है। मैंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात की है। उनके पास सुराग हैं और कुछ लोगों को पकड़ा गया है। मुझे भरोसा है कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी। अपराध जांच विभाग (सीआईडी), फोरेंसिक टीम और विशेष जांच दल (एसआईटी) कार्रवाई कर रहे हैं तथा पुलिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है।''
उन्होंने कहा कि पुलिस मामलों को सुलझाने में सक्षम है, लेकिन उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पहले ''उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती थी।''
इसे तृणमूल कांग्रेस सरकार पर परोक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
हत्या की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की तृणमूल कांग्रेस की मांग के बारे में पूछे जाने पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ''अब तृणमूल कांग्रेस की कोई प्रासंगिकता नहीं है। पुलिस इसे सुलझा लेगी।''
भाजपा के वरिष्ठ नेता समिक भट्टाचार्य और राहुल सिन्हा भी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रथ की बुधवार रात करीब 10.30 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इससे पहले, शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को ''सुनियोजित साजिश'' करार देते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले टोह ली थी।
विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई इस चौंकाने वाली घटना में अधिकारी के निजी सहायक रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया।
रथ को हमले के बाद जिस अस्पताल में ले जाया गया, अधिकारी ने उसके बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह घटना ''हृदय विदारक'' है।
भाजपा नेता ने कहा, ''यह घटना हृदय विदारक है। हम इसकी निंदा करते हैं।''
अधिकारी ने इसे ''सुनियोजित साजिश'' करार देते हुए कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने गोलीबारी से पहले टोह ली थी।
उन्होंने कहा, ''जिस तरह से हमले को अंजाम दिया गया, उससे साफ संकेत मिलता है कि हमलावरों ने पहले टोह ली थी।''
शुभेंदु अधिकारी ने हालांकि, हमले के पीछे किसी संगठन का सीधे तौर पर नाम लेने से परहेज किया और भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा, ''हम अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहते, क्योंकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।''
उन्होंने कहा, ''हम सभी से अपील करेंगे कि कानून अपने हाथ में न लें।''
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं जारी हैं।
उन्होंने कहा, ''जब हम यहां थे, तब बसीरहाट में हमारे एक कार्यकर्ता को गोली मारी गई और बारानगर इलाके में एक अन्य कार्यकर्ता को चाकू मारा गया।''
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा
0705 1335 कोलकाता