ममता ने तृणमूल उम्मीदवारों से मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाने की अपील की
मनीषा
- 04 May 2026, 02:22 PM
- Updated: 02:22 PM
कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच अपने पार्टी उम्मीदवारों और एजेंटों से सतर्क रहने और मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाने की अपील की।
बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील ऐसे समय में की है जब निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अधिकतर सीट पर बढ़त बनाती दिख रही है।
बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा और निर्वाचन आयोग ने मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा की बढ़त दिखाने की ''योजना'' बनाई गई है।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा 192 सीट पर आगे है जबकि तृणमूल 94 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
बनर्जी ने मतगणना के बीच जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और मनोबल कमजोर नहीं करने की अपील की।
उन्होंने कहा, ''मैं सभी से अपील करती हूं कि तृणमूल उम्मीदवार और मतगणना एजेंट मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाएं।''
बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी बड़ी संख्या में निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए हैं।
उन्होंने दावा किया, ''हम अब भी 170 सीट पर आगे हैं और मैं सभी से उम्मीद नहीं छोड़ने का अनुरोध करती हूं।''
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और भाजपा की मिलीभगत से एक ''योजना'' बनाई गई है।
बनर्जी ने कहा, ''करीब 70 से 100 सीट ऐसी हैं, जहां हम आगे हैं लेकिन वे उन सीट के आंकड़े साझा नहीं कर रहे।''
उन्होंने कहा, ''झूठे विमर्श को फैलाया जा रहा है।''
मुख्यमंत्री ने निर्वाचन आयोग पर उन क्षेत्रों में ''नतीजे या बढ़त घोषित नहीं करने'' का आरोप लगाया, जहां तृणमूल आगे है।
उन्होंने कहा, ''यह निर्वाचन आयोग और भाजपा की सोची-समझी योजना है, क्योंकि वह (आयोग) उन क्षेत्रों में नतीजे या बढ़त घोषित नहीं कर रहा है, जहां हम आगे हैं।''
बनर्जी ने कुछ स्थानों पर मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ''कई स्थानों पर शुरुआती दो से तीन दौर के बाद मतगणना रोक दी गई है। कल्याणी में हमने सात मशीनों में गंभीर विसंगतियां पकड़ी हैं।''
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं को ''केंद्रीय बलों की मदद से परेशान किया जा रहा है'' और पार्टी कार्यालयों में ''तोड़फोड़ कर जबरन कब्जा'' किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ''केंद्रीय बलों की मदद से वे एआईटीसी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस) के कार्यकर्ताओं को परेशान और प्रताड़ित कर रहे हैं। हमारे कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है।''
बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया ''जानबूझकर उन सीटों को निशाना बनाकर की गई, जहां हम मजबूत थे।''
बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करने की कोशिश करते हुए कहा कि मतगणना के कई दौर अभी बाकी हैं और उन्होंने उनसे मजबूती से डटे रहने को कहा।
उन्होंने कहा, ''मतगणना के 14 से 18 दौर होंगे। आप निश्चित रूप से विजयी होंगे। डरिए मत, बाघों की तरह लड़िए।''
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा
0405 1422 कोलकाता