तमिलनाडु चुनाव: भाजपा ने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की
दिलीप
- 03 Apr 2026, 07:22 PM
- Updated: 07:22 PM
नयी दिल्ली/चेन्नई, तीन अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को अवनाशी सीट से, जबकि तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन को मायलापुर सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई भी विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाएंगे। हालांकि, अन्नामलाई ने अपने पिता के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पार्टी से उन्हें चुनाव अभियान प्रबंधक की जिम्मेदारी से मुक्त करने का अनुरोध किया था। यही नहीं, उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए टिकट मांगने से मार्च में इनकार किया था।
शुक्रवार को केरल के कन्नूर में चुनाव प्रचार कर रहे अन्नामलाई ने पार्टी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें "तमिलनाडु के हर उस भाई-बहन" का समर्थन हासिल है, जो "भ्रष्टाचार, सुस्त प्रशासन और द्रमुक के विश्वासघात से तंग आ चुके हैं।"
पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन को कोयंबटूर (उत्तर) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि मोदक्कुरिची से कीर्तिका शिवकुमार, विलावंकोड से एस विजयधरानी और थल्ली से नागेश कुमार को टिकट दिया गया है।
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट के चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
सूची के अनुसार, भाजपा ने अपने तीन मौजूदा विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है, जिनमें वरिष्ठ नेता एमआर गांधी भी शामिल हैं, जिन्हें नागरकोइल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं, 2021 के विधानसभा चुनावों में तिरुनेलवेली से जीत दर्ज करने वाले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन को इस बार सत्तूर से चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में कोयंबटूर (दक्षिण) सीट पर अभिनेता-नेता कमल हासन को हराने वाली वानती श्रीनिवासन को कोयंबटूर (उत्तर) से मैदान में उतारा गया है।
अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारा समझौते के तहत सत्तूर और कोयंबटूर (उत्तर) दोनों सीट भाजपा को आवंटित की गई हैं।
भाजपा ने पांच महिला उम्मीदवारों को भी टिकट दिया है, जिनमें अधिवक्ता एस विजयधारनी शामिल हैं, जो कन्याकुमारी जिले के विलावन्कोड विधानसभा क्षेत्र से किस्मत आजमाएंगी।
विजयधारनी प्रख्यात समाज सुधारक कविमणि देसीगविनायगम पिल्लई की परपोती हैं। उन्होंने 2011, 2016 और 2021 में लगातार तीन बार कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर विलावन्कोड में जीत दर्ज की थी। वह फरवरी 2024 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गई थीं।
भाजपा की महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष कविता श्रीकांत को अरंथंगी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी पीयूष गोयल ने उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और एडप्पाडी के पलानीस्वामी जी के नेतृत्व वाले मजबूत राजग गठबंधन के समर्थन से, प्रत्येक उम्मीदवार तमिलनाडु की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व कर रहा है, जो भ्रष्टाचार, उदासीनता और टूटे वादों से तंग आ चुकी है।''
गोयल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, '' एकजुट राजग(राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को द्रमुक के वर्षों के कुशासन को समाप्त करने और एक नए युग की शुरुआत करने का पूरा भरोसा है, जहां तमिलनाडु बुनियादी ढांचे, रोजगार और सभी के कल्याण के साथ समृद्ध होगा।''
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप
0304 1922 दिल्ली/चेन्नई