ओडिशा में नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा जीत की ओर अग्रसर
सिम्मी मनीषा
- 14 Nov 2025, 02:47 PM
- Updated: 02:47 PM
नुआपाड़ा, 14 नवंबर (भाषा) ओडिशा में नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए शुक्रवार सुबह से जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार जय ढोलकिया 62,313 मतों के अंतर से जीत की ओर अग्रसर हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
आयोग के अनुसार, 26 में से 19 दौर की गणना के बाद ढोलकिया 92,947 वोट हासिल कर आगे हैं। कांग्रेस के घासी राम माझी 30,634 मतों के साथ दूसरे और बीजू जनता दल (बीजद) की स्नेहांगिनी छुरिया (29,026) तीसरे स्थान पर हैं।
मतगणना के 26 चरण होंगे। बीजू जनता दल के विधायक राजेंद्र ढोलकिया का आठ सितंबर को निधन होने के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था।
जय दिवंगत बीजद विधायक राजेंद्र ढोलकिया के पुत्र हैं।
नुआपाड़ा उपचुनाव में 83.45 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 11 नवंबर को देश में आठ सीट पर हुए उपचुनावों के दौरान सबसे अधिक मतदान था। इस उपचुनाव में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।
ढोलकिया की जीत का अंतर बढ़ने के साथ ही भुवनेश्वर स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने नुआपाड़ा के लोगों को ‘‘विकास’’ का चयन करने के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नुआपाड़ा में कई ऐसी समस्याएं हैं जिनका समाधान न तो बीजद और न ही कांग्रेस कर पाई, इसलिए लोगों ने भाजपा को समर्थन दिया जो इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।’’
बीजद उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने जीत के अंतर पर आश्चर्य जताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में हेराफेरी की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत बड़ा अंतर है जो भाजपा द्वारा सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल करके चुनाव में घोर हेराफेरी किए जाने की बात साबित करता है। हमने कई अनियमितताओं की ओर इशारा किया था, लेकिन निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक मूकदर्शक बने रहे जबकि उनसे तटस्थ बनने की अपेक्षा की जाती है।’’
वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार माझी ने आरोप लगाया कि उपचुनाव में ‘‘पैसे ने अहम भूमिका निभाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव प्रचार के दौरान मेरी स्थिति बहुत अच्छी थी लेकिन पिछले कुछ दिनों में धन के कारक के कारण स्थिति बदल गई। पैसा भगवान नहीं है लेकिन भगवान से कम भी नहीं है।’’
भाषा सिम्मी