दोपहर दो बजे तक के मुख्य समाचार
प्रीति मनीषा
- 14 Aug 2024, 02:09 PM
- Updated: 02:09 PM
नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) बुधवार को दोपहर दो बजे तक भाषा की विभिन्न फाइल से जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :
प्रादे27 कश्मीर दूसरी लीड तलाश अभियान
डोडा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक कैप्टन शहीद
जम्मू, जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को आतंकवादियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में सेना का एक कैप्टन शहीद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ में शायद चार आतंकवादी मारे गए हैं।
दि20 न्यायालय केजरीवाल
आबकारी नीति घोटाला : न्यायालय का भ्रष्टाचार मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने से इनकार
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने कथित आबकारी नीति घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने से बुधवार को इनकार कर दिया।
दि12 न्यायालय खनिज रॉयल्टी
न्यायालय ने राज्यों को 2005 के बाद से केंद्र, खनन कंपनियों से रॉयल्टी वापस लेने की अनुमति दी
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने 25 जुलाई के अपने फैसले को आगामी प्रभाव से लागू करने की केंद्र की याचिका बुधवार को खारिज कर दी जिसमें राज्यों के पास खदानों और खनिज युक्त भूमि पर कर लगाने के विधायी अधिकार को बरकरार रखा गया था। इसके साथ ही न्यायालय ने राज्यों को एक अप्रैल 2005 के बाद से रॉयल्टी वसूल करने की अनुमति दे दी।
दि7 दिवस पुलिस पदक
स्वतंत्रता दिवस : केंद्रीय और राज्य बलों के लिए 1,037 पुलिस पदकों की घोषणा
नयी दिल्ली, केन्द्र सरकार ने बुधवार को केंद्रीय एवं राज्य बलों के 1,037 पुलिस कर्मियों के लिए सेवा पदक की घोषणा की।
प्रादे30 पं. बंगाल चिकित्सक लीड सीबीआई टीम
चिकित्सक हत्या : कोलकाता पहुंची सीबीआई की टीम, मामले की जांच शुरू
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पताल में बुधवार की सुबह पहुंची केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकरी दी।
प्रादे21 उप्र अभिनेता संपत्ति जब्त
उप्र : अभिनेता राजपाल यादव की शाहजहांपुर स्थित संपत्ति बैंक ने जब्त की
शाहजहांपुर, अभिनेता राजपाल यादव द्वारा कथित तौर पर बैंक से लिया गया कर्ज नहीं चुकाए जाने पर शाहजहांपुर स्थित उनकी संपत्ति को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वि5 जापान लीड किशिदा
किशिदा पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे, जापान को मिलेगा नया प्रधानमंत्री
तोक्यो, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने बुधवार को कहा कि वह सितंबर में प्रस्तावित सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के अध्यक्ष पद के चुनाव में किस्मत नहीं आजमाएंगे।
वि3 पाकिस्तान ग्रेनेड हमला
पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय ध्वज बेचने वाली दुकान पर ग्रेनेड हमला, तीन की मौत
क्वेटा, पाकिस्तान के 77वें स्वतंत्रता दिवस से पहले संदिग्ध आतंकवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत में राष्ट्रीय ध्वज बेचने वाली एक दुकान और एक घर पर ग्रेनेड से हमला कर दिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
अर्थ13 एनसीएलएटी कॉफी डे
एनसीएलएटी ने कॉफी डे एंटरप्राइजेज के खिलाफ दिवाला कार्यवाही पर अगली सुनवाई तक लगाई रोक
नयी दिल्ली, राष्ट्रीय कंपनी विधि अपील अधिकरण (एनसीएलएटी) ने कैफे कॉफी डे श्रृंखला का परिचालन करने वाली कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (सीडीईएल) के खिलाफ दिवाला कार्यवाही पर बुधवार को अगली सुनवाई तक रोक लगा दी।
अर्थ10 वाहन बिक्री लीड सियाम
घरेलू यात्री वाहन की थोक बिक्री जुलाई में 2.5 प्रतिशत घटकर 3,41,510 इकाई रही: सियाम
नयी दिल्ली, भारत में यात्री वाहनों की थोक बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 2.5 प्रतिशत घटकर 3,41,510 इकाई रह गई। मोटर वाहन उद्योग के निकाय सियाम ने बुधवार को यह जानकारी दी।
खेल4 खेल ओलंपिक हॉकी श्रीजेश जर्सी
श्रीजेश की 16 नंबर की जर्सी को रिटायर किया हॉकी इंडिया ने
नयी दिल्ली, हॉकी इंडिया ने बुधवार को दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश की जर्सी नंबर 16 को रिटायर करने का फैसला किया। श्रीजेश ने हाल ही में संपन्न पेरिस खेलों में देश को लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद खेल को अलविदा कह दिया।
भाषा
प्रीति