राजस्थान के अनेक इलाकों में बरसा मानसून
राजकुमार
- 03 Jul 2026, 08:42 PM
- Updated: 08:42 PM
जयपुर, तीन जुलाई (भाषा) राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया है और बीते 24 घंटे में अनेक जगह मध्यम से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग का कहना है कि मानसून के राज्य के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
विभाग के अनुसार मानसून के असर से शुक्रवार सुबह तक अनेक स्थानों पर बारिश हुई है तथा सबसे अधिक 84.0 मिलीमीटर वर्षा सांभर (जयपुर) में दर्ज की गयी।
विभाग के मुताबिक इस दौरान राज्य में पूर्वी भाग में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा एवं कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
भारी बारिश से चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और राजसमंद जिलों के शहरी इलाकों में जलभराव हो गया। इन जिलों के कई गांवों में भी पानी जमा हो गया। जयपुर में राज्य के सबसे बड़े सरकारी सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में बारिश का पानी घुस गया।
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ईसीजी रूम और एक्स-रे सेक्शन में बारिश का पानी घुसने से मरीज़ों, तीमारदारों और अस्पताल के कर्मचारियों को काफी परेशानी हुई।
चित्तौड़गढ़ जिले में कपासन और निम्बाहेड़ा तहसीलों में रात भर हुई बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गईं। नागौर में शुक्रवार सुबह से शाम तक 18.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने अगले पांच से सात दिनों के दौरान उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभागों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान चलने एवं मध्यम से भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
विभाग ने कहा कि कोटा संभाग के जिलों में कुछ जगहों पर अति भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से सात दिन की देरी से बृहस्पतिवार को राज्य के पूर्वी भागों में पहुंचा।
मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार आज तीन जुलाई को उदयपुर, अजमेर एवं जयपुर संभागों के कुछ और भागों में मानसून आगे बढ़ा है। मानसून की उत्तरी रेखा इस समय राज्य के उदयपुर, अजमेर व झुंझुनूं जिलों से होकर गुजर रही है।
इसके अनुसार आगामी तीन-चार दिन में राज्य के शेष अधिकांश भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
0307 2042 जयपुर