दिल्ली सरकार की एकीकृत 'मेडिकल टूरिज्म' मंच बनाने की योजना
दिलीप
- 03 Jul 2026, 09:48 PM
- Updated: 09:48 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार 'मेडिकल टूरिज़्म' से जुड़ी सेवाओं को एक साझा डिजिटल मंच के तहत लाने की योजना बना रही है, जिसके तहत अस्पताल चयन से लेकर मरीजों की लाइव ट्रैकिंग, अनुवाद सेवाएं और इलाज के बाद सहायता प्रदान करने तक सबकुछ एक ही मंच पर मिलेगा।
'मेडिकल टूरिज़्म' से मतलब दूसरे देशों व अन्य राज्यों से इलाज कराने के लिए आने वाले लोगों से है।
इस पहल की नोडल एजेंसी, दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिल्ली मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म (डीएमडब्ल्यूटी) मंच और व्यापक चिकित्सा पर्यटन तंत्र के डिजाइन, विकास, संचालन और प्रबंधन के लिए एक रणनीतिक भागीदार नियुक्त करने के लिए शुक्रवार को एक अनुरोध प्रस्ताव (आरपीएफ) आमंत्रित किया है।
आरएफपी के अनुसार, चयनित भागीदार अपनी लागत पर एक तंत्र स्थापित करने और संचालित करने के लिए जिम्मेदार होगा, जिसमें एक वेब पोर्टल का विकास, मरीजों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए मोबाइल एप्लिकेशन और सरकारी अधिकारियों व पैनल में शामिल हितधारकों के लिए एक प्रशासनिक डैशबोर्ड शामिल है।
इसमें कहा गया है कि डीएमडब्ल्यूटी मंच की परिकल्पना दिल्ली में इलाज कराने के इच्छुक अंतर-राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय व्यक्तियों के लिए एकल-खिड़की प्रणाली के रूप में की गई है।
यह मरीज के पंजीकरण, पासपोर्ट और मेडिकल वीजा के सत्यापन, अस्पताल के चयन, उपचार पैकेज की बुकिंग, भुगतान, मरीज की ट्रैकिंग, बहुभाषी सहायता, शिकायत निवारण और इलाज के बाद फॉलो-अप सेवाओं की सुविधा प्रदान करेगा।
कार्यान्वयन कार्यक्रम के तहत, चयनित एजेंसी को अनुबंध प्रभावी होने के 30 दिनों के भीतर दिल्ली में एक परियोजना कार्यालय स्थापित करना होगा और 60 दिनों के भीतर एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट व कार्यान्वयन योजना प्रस्तुत करनी होगी। इसमें कहा गया है कि डीएमडब्ल्यूटी मंच के शुरुआती संस्करण को 120 दिनों के भीतर शुरू किए जाने की उम्मीद है।
इस परियोजना का उद्देश्य अस्पतालों, डॉक्टरों, आयुष केंद्रों, प्रयोगशालाओं , आवास प्रदाताओं और परिवहन संचालकों को एक साझा डिजिटल मंच पर एकीकृत करना भी है। इसमें कहा गया है कि इसमें पारदर्शी मूल्य निर्धारण के साथ मानकीकृत उपचार पैकेज शामिल होंगे, जिससे मरीज बुकिंग करने से पहले स्वास्थ्य सेवा विकल्पों की तुलना कर सकेंगे।
भाषा नोमान
नोमान दिलीप
दिलीप
0307 2148 दिल्ली