राहुल गांधी के कार्यक्रम से सरकार घबराई, लोगों में उत्साह दिखा: कुमारी सैलजा
जितेंद्र
- 18 Jul 2026, 08:43 PM
- Updated: 08:43 PM
देहरादून, 18 जुलाई (भाषा) कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड की पार्टी प्रभारी कुमारी सैलजा ने शनिवार को कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के देहरादून में शुक्रवार को हुए कार्यक्रम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार घबराई हुई दिखी जबकि लोग उत्साहित दिखाई दिये।
सैलजा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि जब भी राहुल गांधी लोगों की आवाज उठाते हैं, चाहे वह सदन हो या बाहर, भाजपा हमेशा डर जाती है और उसमें किसी न किसी बहाने व्यवधान डालती है।
उन्होंने कहा कि देहरादून में हुए कार्यक्रम को भी सरकार ने पूर्व निर्धारित मैदान में कोई और कार्यक्रम के बहाने रोकने का पूरा प्रयास किया।
सैलजा ने कहा हालांकि राहुल गांधी इस प्रकार की कोशिशों से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की घबराहट यह बताती है कि हवा का रूख उनके खिलाफ है।
पार्टी महासचिव ने कहा, "आपने सरकार का रवैया देखा और युवाओं एवं अन्य लोगों का उत्साह देखा। आपने दोनों चीजें देखीं। सरकार घबराई हुई है और (राहुल जी की आवाज पर) लोग खड़े हुए हैं।"
उन्होंने उत्तराखंड को 'पेपर लीक की राजधानी' बताते हुए कहा कि यहां धरातल तक भ्रष्टाचार फैल गया है और भाजपा की इस तथाकथित 'डबल इंजन' सरकार ने प्रदेश के सिस्टम को दीमक की तरह खत्म कर दिया है।
सैलजा ने कहा कि भ्रष्टाचार के अलावा, सरकार की हिस्सेदारी से मंदिरों के चढ़ावे में हो रही कथित चोरी और माफियाराज का बोलबाला जैसे प्रदेश में कई मुददे हैं, जिनके लिए सरकार जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि हाल में कांग्रेस ने प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली, जिसमें लोगों को इन मुददों के प्रति जागरूक किया गया और उनकी भी बातें सुनी गयीं।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने कहा कि जल्द ही मैदानी इलाकों में भी इस प्रकार की यात्रा की जाएगी।
सैलजा ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य शीर्ष नेताओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाला वक्त कांग्रेस का होगा ताकि हम लोगों के काम बिना धोखाधड़ी के ईमानदारी से कर सकें।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस चुनावों के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, "चाहे चुनाव समय पर हो, या पहले कांग्रेस तैयार है।"
सैलजा ने कहा कि चुनाव के लिए लोग भी तैयार हैं क्योंकि उनकी इच्छा है कि चुनाव जल्दी हों और वे इस सरकार को बदलें।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
1807 2043 देहरादून