कीटनाशकों और उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के साथ ही जन स्वास्थ्य के लिए खतरा: तारिगामी
माधव
- 17 Feb 2026, 08:45 PM
- Updated: 08:45 PM
जम्मू, 17 फरवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता एवं कुलगाम से विधायक एम. वाई. तारिगामी ने रासायनिक कीटनाशकों और उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग पर मंगलवार को चिंता व्यक्त करते हुए आगाह किया कि इसके अंधाधुंध इस्तेमाल से पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
जम्मू कश्मीर विधानसभा में विभिन्न विभागों के लिए आवंटन पर बोलते हुए तारिगामी ने मिट्टी परीक्षण के महत्व पर जोर दिया और उर्वरकों तथा कीटनाशकों जैसे कृषि में मिलावट के बारे में अनुसंधान किए जाने के साथ ही इसके विवेकपूर्ण उपयोग की वकालत की।
उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) पर भी विस्तार से बात की और इसे ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों को रोजगार की गारंटी देने वाली विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त योजना करार दिया। उन्होंने कहा कि योजना का नाम बदले जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने इसके महत्व को कम करने पर चिंता व्यक्त की।
तारिगामी ने कहा, ''पहले यह योजना पूरे देश में लागू थी और मजदूरी का पूरा खर्च भारत सरकार उठाती थी। आज यह गारंटी ही सार्वभौमिक नहीं रह गई है।''
कृषि में रासायनिक मिलावट के विषय पर तारिगामी ने कहा, ''यह लंबे समय से देखा गया है कि उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग सभी को प्रभावित करता है। यह कोई नई चिंता नहीं है। उर्वरकों का अंधाधुंध उपयोग वायु गुणवत्ता को प्रभावित करता है, जबकि कीटनाशकों का तय सीमा से अधिक उपयोग गंभीर नुकसान पहुंचाता है। अगर पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, तो पूरी आबादी प्रभावित होती है।''
उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर विशेषज्ञों की राय लेने का आग्रह किया और कहा कि शोध में पहले ही चिंताजनक रुझानों की ओर इशारा किया गया है।
उन्होंने शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसकेएयूएसटी) के दो प्रमुख विद्वानों द्वारा कीटनाशकों पर किए गए शोध का हवाला देते हुए कहा कि जब इन रसायनों का अनावश्यक रूप से या अधिक मात्रा में उपयोग किया जाता है, तो वे मानव उपभोग के लिए कृषि उत्पादों में पहुंच सकते हैं, या खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर सकते हैं।
तारिगामी ने चेतावनी दी कि ये पदार्थ कैंसर और कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
भाषा यासिर माधव
माधव
1702 2045 जम्मू