साबरकांठा लोकसभा सीट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का मोडासा पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
अमित माधव
- 26 Mar 2024, 10:08 PM
- Updated: 10:08 PM
मोडासा, 26 मार्च (भाषा) साबरकांठा लोकसभा सीट से भीकाजी ठाकोर के चुनाव लड़ने से इनकार के बाद कांग्रेस के एक पूर्व विधायक की पत्नी को सीट से मैदान में उतारने के फैसले के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता ठाकोर के समर्थक गुजरात के अरवल्ली जिले के मोडासा शहर में पार्टी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए।
अरवल्ली जिले के मेघराज शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं, दुकानदारों और व्यापारियों ने ठाकोर को उम्मीदवार बनाने या पार्टी के किसी अन्य 'वास्तविक' कार्यकर्ता को चुनावी टिकट देने की मांग को लेकर 'बंद' रखा।
भाजपा ने इससे पहले पहली बार चुनाव लड़ रहे ठाकोर को साबरकांठा से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, ठाकोर 23 मार्च को "व्यक्तिगत कारणों" का हवाला देते हुए मैदान से हट गए।
इसके तुरंत बाद भाजपा ने शोभना बारैया को इस लोकसभा क्षेत्र से अपना नया उम्मीदवार घोषित किया जिसमें अरवल्ली जिले के कुछ हिस्से भी शामिल हैं।
शोभना बारैया प्रांतिज के पूर्व कांग्रेस विधायक महेंद्रसिंह बारैया की पत्नी हैं, जो अगस्त 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे।
विरोध को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने ठाकोर को गांधीनगर बुलाया और भाजपा विधायक अल्पेश ठाकोर और बयाड (अरवल्ली जिले) के निर्दलीय विधायक धवलसिंह झाला की मौजूदगी में एक बैठक की।
बैठक से पहले भीकाजी ठाकोर ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इसलिए नाराज हैं क्योंकि नयी उम्मीदवार (शोभना बारैया) पार्टी की प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं।
गांधीनगर में बैठक के बाद, भाजपा नेता ने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि साबरकांठा सीट के लिए शोभना बारैया को चुनने का पार्टी का निर्णय "उचित नहीं।"
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सिर्फ इतना कहा कि वह राजनीति में नयी हैं। मैं बिल्कुल भी नाखुश नहीं हूं। मैं अपने समर्थकों को शांत करने की कोशिश करूंगा। पार्टी जो भी निर्णय लेगी हम सभी उसका पालन करेंगे और पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेंगे। अंत में, पार्टी कार्यकर्ता पार्टी के निर्णय को स्वीकार करेंगे और उनकी (शोभना बारैया की) जीत सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।''
इस बीच, बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ठाकोर के समर्थक भाजपा के मोडासा कार्यालय पहुंचे और उन्हें साबरकांठा से लोकसभा उम्मीदवार के रूप में बहाल करने की मांग की।
भाषा अमित