राजस्थान : भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए सात और उम्मीदवारों की घोषणा की
धीरज
- 24 Mar 2024, 10:47 PM
- Updated: 10:47 PM
जयपुर, 24 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को राजस्थान से सात और उम्मीदवारों की सूची जारी की।
पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों, टोंक-सवाई माधोपुर से सुखबीर सिंह जौनपुरिया और अजमेर से भागीरथ चौधरी को फिर से मैदान में उतारा है।
भागीरथ चौधरी को पिछले साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव में उतारा गया था लेकिन वह चुनाव हार गये थे।
पार्टी ने जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह और झुंझुनू से शुभकरण चौधरी को टिकट दिया है। दोनों पूर्व विधायक हैं।
पार्टी द्वारा घोषित सात उम्मीदवारों में से तीन महिला हैं। भाजपा ने प्रियंका बालन को गंगानगर से, मंजू शर्मा को जयपुर से और महिमा विश्वेश्वर सिंह को राजसमंद से चुनावी मैदान में उतारा है।
महिमा विश्वेश्वर सिंह उदयपुर के पूर्व शाही परिवार की सदस्य हैं। वह भाजपा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ की पत्नी हैं।
वह राजपूत बहुल राजसमंद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। राजसमंद लोकसभा सीट सांसद दीया कुमारी के 2023-विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद खाली हो गई थी।
भाजपा की ओर से जारी नवीनतम सूची के साथ पार्टी ने अब तक राजस्थान की 25 लोकसभा सीट में से 22 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
दूसरी ओर मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने भी राज्य में 18 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने गठबंधन के तहत सीकर लोकसभा सीट मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) के लिए और नागौर लोकसभा सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के लिए छोड़ी है।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे।
पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 लोकसभा क्षेत्रों, गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।
शेष 13 लोकसभा क्षेत्रों टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां में 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।
इसके अलावा, बांसवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के बागीदौरा विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव 26 अप्रैल को दूसरे चरण में होगा। यह सीट कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय के कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हुई थी।
मालवीय बांसवाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
भाषा कुंज