भाजपा ने सीएए विरोधी प्रदर्शनों पर केरल के मुख्यमंत्री की निंदा की
नेत्रपाल रंजन
- 24 Mar 2024, 08:19 PM
- Updated: 08:19 PM
तिरुवनंतपुरम, 24 मार्च (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ वाम दल द्वारा नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के कार्यान्वयन का विरोध तेज किए जाने पर भाजपा ने रविवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर हमला बोला और कहा कि वह सांप्रदायिक विभाजन को बढ़ावा देने के इरादे से बयानबाजी कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख के. सुरेंद्रन ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने का निर्णय एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए लिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मामले वापस लेकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं और उनकी पार्टी इस संबंध में निर्वाचन आयोग से संपर्क करेगी।
सुरेंद्रन ने कहा, "सीएए के नाम पर मुख्यमंत्री फर्जी बातें फैला रहे हैं और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। इस आरोप का आधार क्या है? सीएए किसी विशेष समुदाय को नागरिकता से वंचित नहीं करता है।"
सीएए में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में प्रताड़ना के चलते 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आए गैर मुस्लिम प्रवासियों को तेजी से भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा किए जाने के बाद वाम सरकार ने पूर्व के सीएए विरोधी प्रदर्शनों से संबंधित मामलों को वापस लेने की घोषणा की और यह आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है।
सुरेंद्रन ने कहा, "एक विशेष समुदाय द्वारा सीएए के खिलाफ किया गया प्रदर्शन हिंसक था, जिसमें सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान भी हुआ। हालांकि, वाम सरकार ने चुनाव की घोषणा के ठीक बाद मामले वापस लेने का फैसला किया। निर्वाचन आयोग को इस पर गौर करने और कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा कल कासरगोड में आयोजित सीएए विरोधी रैली में विजयन ने भाजपा पर हमला किया था और कहा था कि संविधान में निहित समानता के विचार को खत्म किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि मुसलमानों को निशाना बनाने वाले सीएए को लेकर करोड़ों लोग चिंतित हैं।
वाम दल राज्य में पांच स्थानों पर बड़े पैमाने पर सीएए विरोधी रैलियां आयोजित कर रहा है। पहली रैली शुक्रवार को कोझिकोड में और दूसरी रैली कल कासरगोड में आयोजित की गई। तीन और रैलियां कन्नूर, मलप्पुरम तथा कोल्लम में होंगी।
भाषा नेत्रपाल