मानसून के कारण चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आई
जोहेब
- 22 Jul 2026, 06:31 PM
- Updated: 06:31 PM
देहरादून, 22 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के बीच जारी चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ी कमी आई है।
बारिश का सबसे अधिक असर केदारनाथ धाम यात्रा पर देखने को मिला है।
बीस जुलाई को गढ़वाल के कई क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी होने के कारण राज्य सरकार ने एहतियातन चारधाम यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया था। वहीं बुधवार को भी 16 किलोमीटर लंबे केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन होने के कारण केदारनाथ यात्रा कई घंटे के लिए रोकनी पड़ी।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने के बाद से चारों धाम और हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में 66.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। एक जुलाई को जहां 27,232 श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी, वहीं 21 जुलाई को यह संख्या घटकर 9,112 रह गई।
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक गिरावट केदारनाथ धाम में दर्ज की गई जहां 21 जुलाई को केवल 1,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए जबकि एक जुलाई को यह संख्या 6,553 थी।
आंकड़ों में बताया गया है कि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में 82.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
कठिन पैदल यात्रा और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के प्रति अधिक संवेदनशील होने के कारण मानसून के दौरान सबसे पहले केदारनाथ यात्रा ही प्रभावित होती है।
बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई। इक्कीस जुलाई को यहां 3,393 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि एक जुलाई को यहां 13,192 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, यानी बदरीनाथ में दैनिक श्रद्धालुओं की संख्या 74.3 प्रतिशत घट गई।
यमुनोत्री धाम में भी यात्रियों की संख्या में 44.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यहां एक जुलाई को 2,043 श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि 21 जुलाई को यह संख्या घटकर 1,132 रह गई।
हालांकि, गंगोत्री धाम इस दौरान अपवाद रहा जहां श्रद्धालुओं की संख्या में 6.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक जुलाई को 2,116 श्रद्धालुओं ने यहां दर्शन किए थे, जबकि 21 जुलाई को यह संख्या बढ़कर 2,256 हो गई।
हर वर्ष मानसून शुरू होने के बाद बारिश, भूस्खलन तथा सड़क अवरुद्ध होने से चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या कम होने लगती है और इस बार भी यही रुझान देखने को मिल रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि मौसम सामान्य होने तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी यात्रा स्थगित कर सकते हैं।
हालांकि हालिया गिरावट के बावजूद इस वर्ष की चारधाम यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अठारह अप्रैल को यात्रा शुरू होने के बाद से 21 जुलाई तक केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में कुल 45.01 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे अब तक की सबसे सफल चारधाम यात्रा बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार द्वारा विकसित बेहतर आधारभूत ढांचे, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा सुविधाओं के कारण इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं।
भाषा दीप्ति
जोहेब
जोहेब
2207 1831 देहरादून