तोड़ा गया पार्टी कार्यालय कानूनी तरीके से निर्मित था, उच्च न्यायालय जाएगी टीएमसी: अभिषेक
नेत्रपाल
- 18 Jul 2026, 09:05 PM
- Updated: 09:05 PM
कोलकाता, 18 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा तोड़े गए पार्टी कार्यालय का निर्माण कानूनी तरीके से किया गया था।
उन्होंने कहा कि जमीन खरीदी गई थी और सभी जरूरी मंजूरियां लेने के बाद ही कार्यालय बनाया गया था।
बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने सत्तारूढ़ भाजपा के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय तोड़े जाने के खिलाफ टीएमसी कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करेगी।
दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने शनिवार को अमतला स्थित टीएमसी सांसद बनर्जी के पार्टी कार्यालय को हटा दिया।
इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि कार्यालय कथित रूप से बिना मंजूरी के बनाया गया था और नियमों का उल्लंघन किया गया था।
बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 2031 के विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बदली तो राज्य में भाजपा के कार्यालयों के साथ भी ऐसा ही हो सकता है।
बनर्जी ने कहा, ''हमारे लिए पार्टी कार्यालय एक मंदिर की तरह है। अगर किसी ने अवैध तरीके से पार्टी कार्यालय बनाया है तो प्रशासन को निश्चित रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन यह सरकारी जमीन नहीं है। जमीन खरीदी गई थी और भवन मंजूर योजना के अनुसार बनाया गया था। इसके पास सभी वैध मंजूरियां और दस्तावेज हैं। हम ये सभी दस्तावेज कलकत्ता उच्च न्यायालय के सामने रखेंगे।''
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने प्रधान न्यायाधीश के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) को पत्र लिखा है और कुछ वीडियो भी भेजे हैं, जिनमें पार्टी कार्यालय तोड़े जाने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता परिसर में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं।
बनर्जी ने कहा, ''हम इस मामले में उच्च न्यायालय में जल्द सुनवाई के लिए आवेदन करेंगे। हम उच्चतम न्यायाल भी जाएंगे।''
उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों को कानूनी कार्रवाई से बचने नहीं दिया जाएगा।
बनर्जी ने कहा, ''अगर आपको लगता है कि भाजपा नेता आपको बचा लेंगे, तो मैं आपको बता दूं कि आप गलत साबित होंगे। कानून के हाथ इतने लंबे हैं कि वे उन्हें पकड़ सकते हैं।''
टीएमसी नेता ने कहा, ''हर कार्रवाई की एक समान और विपरीत प्रतिक्रिया होती है। अगर मैं जिंदा रहा तो मैं वादा करता हूं कि 2031 के चुनाव के बाद इसी कानून का इस्तेमाल करते हुए आपको यह सब ब्याज सहित वापस दूंगा।''
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रशासन का इस्तेमाल करके तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।
बनर्जी ने दावा किया कि पिछले दो महीनों में टीएमसी ने करीब 1,000 पार्टी कार्यकर्ताओं को जमानत दिलाई है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा, ''चुनाव से पहले यह 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना थी और अब यह 'बुलडोजर मॉडल' है। यही भाजपा का असली मॉडल है।''
उन्होंने कहा, ''आप (भाजपा) बुलडोजर का इस्तेमाल करके अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। याद रखें, इससे टीएमसी कमजोर नहीं होगी, बल्कि हम और मजबूत होंगे।''
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
1807 2105 कोलकाता