2018 की बाढ़ पर कृष्णनकुट्टी की ऑडिया क्लिप की जांच का आदेश दिया गया: विधायक कुझलनादन
वैभव
- 17 Jul 2026, 05:54 PM
- Updated: 05:54 PM
इडुक्की, 17 जुलाई (भाषा) कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझलनादन ने शुक्रवार को कहा कि केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने 2018 में केरल में आई बाढ़ से निपटने के मामले में कथित तौर पर पूर्व बिजली मंत्री के. कृष्णनकुट्टी की आवाज वाली एक ऑडियो क्लिप की आधिकारिक जांच के आदेश दिए हैं।
इस साल अप्रैल में, कुझलनादन ने आरोप लगाया था कि केरल में 2018 की बाढ़ वामपंथी सरकार के 'भ्रष्टाचार और लालच' के कारण आई थी क्योंकि उस सरकार ने कुछ निजी व्यवसायों को फायदा पहुंचाने के लिए राज्य में कुछ बांधों को खोलने में देरी की थी।
मुवाट्टुपुझा के विधायक कुझलनादन ने अपने आरोपों के समर्थन में राज्य के पूर्व बिजली मंत्री के. कृष्णनकुट्टी की एक कथित ऑडियो क्लिप सुनाई, जिसमें वह पिनराई विजयन सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान आई बाढ़ के लिए तत्कालीन जल संसाधन मंत्री मैथ्यू टी. थॉमस को दोषी ठहराते हुए नज़र आ रहे हैं।
कुझलनादन ने यहां पत्रकारों से कहा कि एक तीसरे पक्ष की शिकायत के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं और इससे यह पता चलेगा कि कथित ऑडियो असली है या बनावटी।
कांग्रेस विधायक ने याद दिलाया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव से दो दिन पहले ऑडियो बातचीत जारी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि इसने पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के समय 2018 की बाढ़ के दौरान हुई बड़ी गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार का खुलासा किया था।
कुझलनादन ने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा ने इस रिकॉर्डिंग को फर्जी बताकर खारिज कर दिया था।
कांग्रेस विधायक के अनुसार तब माकपा एवं एलडीएफ ने आरोप लगाया था कि चुनावी फायदे के लिए इसे कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से बनाया गया है।
कुझलनादन ने कहा, ''मैंने कानूनी कार्रवाई का स्वागत किया था क्योंकि मैं चाहता था कि मामले की जांच हो। लेकिन उन दावों के बाद कुछ नहीं हुआ।''
कुझलनादन ने कहा कि गृह मंत्री के आदेश पर अब जो जांच होगी, उससे यह पता चलेगा कि कृष्णनकुट्टी का बताया जा रहा ऑडियो असली है या उसे मनगढ़ंत तरीके से बनाया गया है, जैसा कि माकपा का आरोप है।
वर्ष 2018 की बाढ़ को 'इंसानों की वजह से आई बाढ़' बताते हुए कुझलनादन ने कहा कि इसमें कई लोगों की जान गई और राज्य को हज़ारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
भाषा राजकुमार वैभव
वैभव
1707 1754 इडुक्की