केरल की 2018 की बाढ़ से जुड़े कथित ऑडियो क्लिप की जांच करेगी अपराध शाखा
वैभव
- 14 Jul 2026, 07:57 PM
- Updated: 07:57 PM
तिरुवनंतपुरम, 14 जुलाई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को उस ऑडियो क्लिप की अपराध शाखा से जांच कराने के निर्देश दिए हैं, जिसमें कथित तौर पर यह संकेत दिया गया है कि 2018 में राज्य में आई विनाशकारी बाढ़ मानव निर्मित थी और एक आपराधिक साजिश का नतीजा थी।
दावा किया गया है कि इस क्लिप में सुनाई दे रही आवाज कथित रूप से पूर्व ऊर्जा मंत्री के. कृष्णनकुट्टी की है।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि यह जांच एक निजी व्यक्ति की शिकायत के बाद शुरू की गई है, जिसने रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और उसमें लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच करने की मांग की।
इसमें कहा गया कि शिकायत में इस ऑडियो क्लिप की सच्चाई का पता लगाने के लिए व्यापक जांच का अनुरोध किया गया, जिसके बाद गृह मंत्री ने अपराध शाखा को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया।
यह विवाद सबसे पहले इस वर्ष अप्रैल में विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान सामने आया था, जब कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनादन ने आरोप लगाया था कि 2018 की बाढ़ तत्कालीन वामपंथी सरकार के ''भ्रष्टाचार और लालच'' के कारण आई थी, जिसने निजी व्यावसायिक हितों के लिए कुछ बांधों के गेट खोलने में जानबूझकर देरी की थी।
अपने आरोपों के समर्थन में कुझालनादन ने एक ऑडियो क्लिप जारी की थी, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया था कि यह आवाज पिनराई विजयन सरकार के दूसरे कार्यकाल में बिजली मंत्री रहे कृष्णनकुट्टी की है।
इस रिकॉर्डिंग में वह पिनाराई विजयन सरकार के पहले कार्यकाल में जल संसाधन मंत्री रहे मैथ्यू टी. थॉमस को 2018 की बाढ़ के लिए जिम्मेदार ठहराते सुनाई दे रहे थे।
इस कथित रिकॉर्डिंग के अनुसार, कृष्णनकुट्टी ने कहा कि अलाप्पुझा जिले में थोट्टापल्ली बैराज के गेट को एक महीने की देरी से खोला गया था ताकि उस रेत को बहने से बचाया जा सके, जिसे खनन करने की अनुमति एक निजी कंपनी को दी गई थी।
तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि विशेषज्ञों के निष्कर्षों से यह स्पष्ट रूप से स्थापित हो चुका है कि 2018 की बाढ़ ''मानव हस्तक्षेप के कारण नहीं आई थी, बल्कि पूरी तरह से प्राकृतिक कारकों की वजह से थी''।
कृष्णनकुट्टी ने भी दावा किया था कि इस ऑडियो क्लिप को कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करके तैयार किया गया हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे।
भाषा खारी वैभव
वैभव
1407 1957 तिरुवनंतपुरम