राजस्थान: राज्यपाल बागडे और ऑस्ट्रेलियाई राजनयिक मर्फी के बीच उच्च शिक्षा व कृषि सहयोग पर चर्चा
जितेंद्र
- 14 Jul 2026, 04:58 PM
- Updated: 04:58 PM
जयपुर, 14 जुलाई (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ राजनयिक पॉल मर्फी से मुलाकात कर उच्च शिक्षा, कृषि नवाचार और जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मर्फी ने लोक भवन में हुई अनौपचारिक बैठक के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, शिक्षा तथा वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों की जानकारी दी।
बैठक में राजस्थान के उच्च शिक्षा क्षेत्र में सहयोग, जनजातीय विरासत के संरक्षण और कृषि नवाचार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
राज्यपाल बागडे ने कहा कि राजस्थान के हित में ऑस्ट्रेलिया की उच्च शिक्षा प्रणाली, आदिवासी संस्कृति संरक्षण और शुष्क क्षेत्रों के लिए विकसित कृषि तकनीकों का लाभ उठाया जाना चाहिए।
बागडे के सुझाव पर मर्फी ने राजस्थान के विश्वविद्यालयों और ऑस्ट्रेलियाई शिक्षण संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर काम करने पर सहमति जताई।
आधिकारिक बयान के अनुसार, ''आने वाले दिनों में राजस्थान के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों तथा ऑस्ट्रेलिया के शिक्षाविदों और विश्वविद्यालय प्रमुखों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संवाद आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा अन्य शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी।''
मर्फी ने राज्यपाल को कम पानी वाले और शुष्क क्षेत्रों के लिए उपयुक्त ऑस्ट्रेलियाई कृषि तकनीकों की जानकारी भी दी।
बागडे ने इस पर कहा कि इन तकनीकों को राजस्थान की परिस्थितियों के अनुरूप अपनाने के प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी चर्चा हुई।
मर्फी ने ऑस्ट्रेलिया के आदिवासी समुदायों (एबोरिजिनल) और राजस्थान की जनजातीय संस्कृति के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
बयान के अनुसार, ''इस संबंध में अगले एक-दो महीने में ऑस्ट्रेलिया का एक प्रतिनिधिमंडल उदयपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (वेस्ट जोन कल्चरल सेंटर) का दौरा करेगा, जहां भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।''
बयान में बताया गया कि महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए हरिभाऊ बागडे ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था और उन्होंने वहां नागरिक अनुशासन, सड़क परिवहन, शिक्षा और कृषि क्षेत्र की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया था, जिन्हें उन्होंने भारत के लिए उपयोगी बताया।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. समित शर्मा तथा ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत के सहयोगी नाजिन लुथ समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र
1407 1658 जयपुर