दिल्ली में स्कूल बस की टक्कर से छात्रा की मौत; मदद के बजाय लोग बनाते रहे वीडियो
सुरेश
- 14 Jul 2026, 05:44 PM
- Updated: 05:44 PM
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) उत्तरी दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक स्कूल बस की टक्कर से ई-रिक्शा में सवार 12-वर्षीय एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई।
इस हादसे के बाद एक स्थानीय जिम कर्मचारी ने दावा किया कि जब बच्ची खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ी थी, तब लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में व्यस्त थे।
पास के ही एक जिम में काम करने वाले गोविंदा नामक युवक ने बताया कि वह काम पर जा रहे थे और हादसे के करीब आठ से 10 मिनट के भीतर ही मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन वहां का नजारा देखकर वह दंग रह गए।
गोविंदा ने दावा किया, ''जब मैं वहां पहुंचा, तो बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी। लोग वहां खड़े थे, लेकिन कई लोग अपने फोन पर वीडियो बनाने में व्यस्त थे। मैंने तुरंत उसे गोद में उठाया और अस्पताल की ओर भागा।''
उनके अनुसार, उसी ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे अन्य बच्चे हाथ जोड़कर लोगों से मदद की गुहार लगा रहे थे।
गोविंदा ने कहा, ''बच्चे रो रहे थे और लोगों से उसे बचाने की मिन्नतें कर रहे थे, लेकिन कई लोग सिर्फ वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। हम उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।''
मृतक बच्ची की पहचान मुकुंदपुर के रामा गार्डन की रहने वाली प्रियांशी के रूप में हुई है। यह हादसा सुबह करीब 6:45 बजे उस समय हुआ जब वह स्कूल जा रही थी।
पुलिस को सुबह सात बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद एक टीम मौके पर भेजी गई।
शोकाकुल परिजनों ने बताया कि प्रियांशी और उसकी बड़ी बहन हादसे से ठीक पहले ई-रिकशा में सवार हुई थीं।
परिजनों ने कहा, ''हमने दोनों बच्चियों को सुरक्षित रूप से बैटरी रिक्शा में बिठाया था। मजलिस पार्क के पास एक बस ने इसे टक्कर मार दी, जिससे छोटी बहन सड़क पर गिर गई और बस के पहिए की चपेट में आ गई।''
प्रियांशी के एक अन्य रिश्तेदार राकेश ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि प्रियांशी की इस हादसे में मौत हो गई है।
उन्होंने कहा, ''जब हमने बस चालक से पूछताछ की, तो उसने माना कि उससे गलती हुई है। बस के अंदर भी कई बच्चे सवार थे, जबकि ई-रिक्शा में चार बच्चे यात्रा कर रहे थे।''
परिवार ने आरोप लगाया कि स्कूल बस बहुत तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि कमल सिंह (55) द्वारा चलाई जा रही बस ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
प्रियांशी को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ई-रिक्शा में सवार किसी अन्य बच्चे को चोट नहीं आई है।
पुलिस ने बस चालक को पकड़ लिया है और ई-रिक्शा चालक को भी हिरासत में ले लिया है। दोनों वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश
1407 1744 दिल्ली