कब्रिस्तान के लिए भूमि पर अतिक्रमण होते समय सपा सरकार चुप्पी साध लेती थी: आदित्यनाथ
जोहेब
- 10 Jul 2026, 07:19 PM
- Updated: 07:19 PM
(फोटो के साथ)
बस्ती (उप्र), 10 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वक्फ बोर्ड के कथित समर्थन को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार उस समय चुप रही, जब सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष के घर के पास की जमीन पर कब्रिस्तान के नाम पर कब्जा किया जा रहा था।
आदित्यनाथ ने कहा कि सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव को राम भक्तों पर लाठी-गोली चलवाने और हिंदुओं को प्रताड़ित करने वाली सभी घटनाओं पर माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों की ओर इशारा करते हुए यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष भी उनके साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
आदित्यनाथ ने बस्ती जिले में 504 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 77 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
आदित्यनाथ ने कहा, ''पहले कब्रिस्तान के नाम पर कब्जा होता था, गरीबों को सताया जाता था, वक्फ बोर्ड केवल कह देता था कि यह कब्रिस्तान है, यह वक्फ की भूमि है तो किसी की हिम्मत नहीं होती थी और दलित, गरीब एवं वंचितों को वहां से उजाड़ दिया जाता था। उजाड़ने का काम सपा के लोग करते थे।''
उन्होंने दूसरे विपक्षी दलों पर भी हमला बोलते हुए कहा, ''सपा, बसपा और कांग्रेस... इनका यही ठेका था।''
सपा के शासन के दौरान हुए एक वाकये का जिक्र करते हुए योगी ने कहा, ''मैं गोरखपुर से सांसद था। समाजवादी पार्टी के बस्ती के (तत्कालीन) जिलाध्यक्ष के घर के पास कब्रिस्तान के नाम पर कब्जा हो रहा था।''
आदित्यनाथ ने कहा, ''तब एक दिन वह (सपा जिलाध्यक्ष) गुहार लेकर मेरे पास आया। मैंने कहा कि तुम्हारी सरकार है, तुम कब्जा नहीं रोक पा रहे हो। उसने कहा कि लखनऊ में बैठे लोगों को केवल और केवल कब्रिस्तान दिखाई देता है। इनको हम जैसे लोग दिखाई नहीं देते।''
उन्होंने कहा, ''मैंने कार्यकर्ताओं को भेजकर सपा जिलाध्यक्ष की जमीन पर कब्जा होने से बचाया। उस वक्त इस तरह की अराजकता थी।''
मुख्यमंत्री ने कहा, ''84 कोसी परिक्रमा मखौड़ा धाम से प्रारंभ होती है और आप लोग देख रहे होंगे कि कितना भव्य कार्य हो रहा है। यही तो अंतर है। समाजवादी पार्टी की सरकार 84 कोसी, 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा को रोकती थी। अब हमारी डबल इंजन की भाजपा सरकार है, यह रोकती नहीं है, यह रोकने वालों को टोकती है।''
आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि ''अब लोग अयोध्या में सरयू मां (नदी) से जल लेकर जलाभिषेक करने जाते हैं, तो हम लोग हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार ने कांवड यात्रा पर रोक लगा दी थी। वे कहते थे कि कांवड यात्रा नहीं होनी चाहिए। दुर्गा पूजा पर रोक लगाते थे, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भी नहीं मनाने देते थे, चौरासी कोसी परिक्रमा पर रोक लगाते थे, पर, अब कोई रोक नहीं लगा सकता।"
मुख्यमंत्री ने कहा, ''मुझे लगता है कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष भी भगवा वस्त्र पहनकर आपके साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।''
उन्होंने व्यंगात्मक लहजे में कहा कि ''लगता है कि कोई उनको (सपा प्रमुख अखिलेश यादव) बुलावा दे दे तो वह भी जाएं और पुष्प वर्षा करें।''
आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि ''उन्होंने हनुमानगढ़ी की पवित्र सीढ़ियों पर जो किया था उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उस पाप के लिए माफी मांगनी चाहिए, राम भक्तों पर गोली चलाने के लिए माफी मांगनी चाहिए, हिंदुओं को प्रताड़ित करने वाली सभी घटनाओं पर उन्हें माफी मांगनी चाहिए।''
आदित्यनाथ ने सपा कार्यकर्ताओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विकास में इनकी कोई दिलचस्पी नहीं है और ये जमीनों पर कब्जा करने वाले लोग हैं।
योगी ने कहा कि जो बहन और बेटी की सुरक्षा के लिए खतरा बन जाए, उसकी तुलना तो केवल और दुर्योधन और दुशासन से ही हो सकती है।
भाषा आनन्द जोहेब
जोहेब
जोहेब
1007 1919 बस्ती