शेयर बाजार में चार दिन से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 104 अंक फिसला
अजय
- 07 Jul 2026, 05:25 PM
- Updated: 05:25 PM
मुंबई, सात जुलाई (भाषा) एशियाई बाजारों में कमजोरी और चार दिन की तेजी के बाद मुनाफावसूली हावी होने से स्थानीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 104 अंक टूट गया जबकि निफ्टी में 32 अंक का नुकसान रहा।
विश्लेषकों के मुताबिक, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में खरीदारी से बाजार का नुकसान सीमित रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स बिकवाली के दबाव में 104.35 अंक यानी 0.13 प्रतिशत गिरकर 78,180.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 379.85 अंक चढ़कर 78,664.92 अंक तक चला गया था।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 31.65 अंक यानी 0.13 प्रतिशत फिसलकर 24,398.70 अंक पर बंद हुआ।
इसके साथ ही चार दिन से जारी तेजी का दौर थम गया। सेंसेक्स और निफ्टी पिछले चार सत्रों में दो प्रतिशत से अधिक चढ़कर सोमवार को दो महीने से ज्यादा के उच्च स्तर पर पहुंच गए थे।
मंगलवार को सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट में सर्वाधिक 12.42 प्रतिशत की गिरावट रही। कंपनी की जून तिमाही की आय वृद्धि बाजार के अनुमान से कम रहने के बाद इसमें भारी बिकवाली देखी गई।
इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक भी नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, एचसीएल टेक में 3.08 प्रतिशत की बढ़त रही जबकि टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाइटन, इटर्नल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) चढ़कर बंद हुए।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "कारोबारी सत्र के उत्तरार्ध में मुनाफावसूली हावी रही। एशियाई बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्योरे से पहले निवेशकों की सतर्कता का असर दिखा। हालांकि, आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को कुछ सहारा मिला।"
टीसीएस के बृहस्पतिवार को आने वाले तिमाही नतीजे के साथ आईटी क्षेत्र के परिणाम सत्र की शुरुआत होगी।
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 1.08 प्रतिशत गिर गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप में 0.15 प्रतिशत की गिरावट रही।
क्षेत्रवार सूचकांकों में पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.73 प्रतिशत, रियल्टी खंड में 1.61 प्रतिशत, औद्योगिक खंड में 1.49 प्रतिशत और बिजली खंड में 1.12 प्रतिशत की गिरावट रही।
बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,633 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए जबकि 1,599 शेयरों में तेजी रही और 165 अन्य अपरिवर्तित रहे।
ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ''एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और होर्मुज जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर पर हुए हमले से निवेशक धारणा प्रभावित हुई और चार दिन के बाद घरेलू बाजार हल्की गिरावट के साथ बंद हुए।''
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.22 प्रतिशत बढ़कर 72.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.91 प्रतिशत तक टूट गया। जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी नुकसान में बंद हुए।
यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख देखा गया। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 243.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 521.16 अंक चढ़कर 78,285.07 अंक पर और निफ्टी 159.50 अंक के लाभ के साथ 24,430.35 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय
0707 1725 मुंबई