झारखंड में 'क्रॉस वोटिंग' की आशंका के बीच राज्यसभा की दो सीट पर चुनाव की तैयारी पूरी
जोहेब
- 17 Jun 2026, 05:42 PM
- Updated: 05:42 PM
रांची, 17 जून (भाषा) झारखंड में राज्यसभा की दो सीट के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि चुनाव में तीन उम्मीदवार हैं।
विपक्षी भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने विधानसभा में आवश्यक संख्या बल न होने के बावजूद एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन करने का फैसला किया है।
दो सीट के लिए तीन उम्मीदवारों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी शामिल हैं।
झारखंड विधानसभा परिसर में बनाये गए मतदान केंद्र पर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच वोटिंग होगी।
निर्वाचन अधिकारी रंजीत कुमार ने बुधवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''मतदान संपन्न होने के बाद रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। आयोग की अनुमति मिलने पर मतगणना शुरू होगी, जो संभवतः शाम पांच बजे के आसपास शुरू होगी।''
झारखंड विधानसभा के सचिव कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि विधानसभा परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गए हैं।
झारखंड विधानसभा में भाजपा नीत राजग के 24 विधायक हैं, जबकि 'इंडिया' गठबंधन के 56 विधायक हैं।
झामुमो के बैद्यनाथ राम के आसानी से जीत हासिल करने की उम्मीद है, क्योंकि राज्य विधानसभा में पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल है।
सभी की निगाह दूसरी सीट पर है, जिस पर कांग्रेस उम्मीदवार झा और राजग समर्थित नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।
झारखंड विधानसभा में 'इंडिया' गठबंधन के कुल 56 विधायकों में झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो सदस्य शामिल हैं।
वहीं, राजग के 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 और लोजपा (रामविलास), आजसू पार्टी और जद(यू) के एक-एक सदस्य शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।
मंगलवार को राजग विधायकों को रांची के एक होटल में ले जाया गया, जबकि सत्तारूढ़ 'इंडिया' गठबंधन 'क्रॉस वोटिंग' की गुंजाइश को खत्म करने के लिए अपने विधायकों के साथ बैठकें करने में व्यस्त है।
कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने बताया कि बुधवार को एक होटल में सत्तारूढ़ दल के विधायकों की बैठक हुई, जिसमें राजद और भाकपा(माले) लिबरेशन के विधायक भी शामिल हुए।
उन्होंने कहा, ''इंडिया गठबंधन के हम सभी 56 विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा की दोनों सीटें जीतेंगे।''
भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने भी अपनी पार्टी समर्थित उम्मीदवार की जीत का दावा किया।
राज्य में राज्यसभा की एक सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के कारण रिक्त हुई थी। दूसरी सीट भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण रिक्त हुई है।
भाषा सुभाष जोहेब
जोहेब
1706 1742 रांची