बच्ची के साथ बलात्कार को लेकर विपक्षी दलों ने तमिलनाडु सरकार पर निशाना साधा
रंजन
- 15 Jun 2026, 08:43 PM
- Updated: 08:43 PM
चेन्नई, 15 जून (भाषा) तमिलनाडु में विपक्षी दलों ने सोमवार को तिरुवल्लूर जिले में एक बच्ची के साथ हुए बलात्कार एवं उसकी हत्या की भयावह घटना तथा राज्य में 'बिगड़ती कानून-व्यवस्था' को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि जिन अपराधों के बारे में पहले दूर की खबरों के तौर पर पढ़ा जाता था, वे अब तमिलनाडु की "सोफा मॉडल" सरकार में रोजमर्रा की हकीकत बनते जा रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "मुख्यमंत्री, जिन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान बच्चों का इस्तेमाल अवैध रूप से वोट मांगने के लिए किया, लगातार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहे हैं। यदि यह स्थिति जारी रही तो द्रमुक सड़कों पर उतरकर जनता को संगठित करने में संकोच नहीं करेगी।"
यह बयान गुमिडीपुंडी स्थित सिपकॉट औद्योगिक परिसर के पास प्रवासी मजदूरों की तीन वर्षीय बेटी की मौत के बाद आया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची को उसके पड़ोसी ने बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। यह घटना 14 जून की रात हुई थी। बच्ची ने सोमवार को स्टेनली अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ था।
तिरुवल्लूर जिला पुलिस ने सोमवार दोपहर जारी एक बयान में कहा कि इस अपराध में सिर्फ एक ही अपराधी शामिल था।
पुलिस ने बताया कि बिहार के एक 19 वर्षीय प्रवासी मजदूर को तीन साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना की शिकार हुई बच्ची बिहार के ही रहने वाले प्रवासी मजदूर दंपत्ति की बेटी थी और सोमवार सुबह यहां के सरकारी स्टेनली अस्पताल में गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने भी मुख्यमंत्री की "छह महीने की 'ट्रायल' अवधि" वाली टिप्पणी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, "आपकी 'ट्रायल' अवधि समाप्त होने से पहले और कितनी महिलाओं व लड़कियों को अपनी सुरक्षा और जान गंवानी पड़ेगी? दिखावटी राजनीति बंद कीजिए, स्थिति की गंभीरता को समझिए और तत्काल कानूनी कार्रवाई कीजिए।"
माकपा के राज्य सचिव पी. षणमुगम (जिनकी पार्टी टीवीके सरकार को समर्थन दे रही है) ने पुलिस से मामले की गहन जांच, गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से तुरंत इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य में तीन साल की बच्ची की हत्या समेत कई बर्बर यौन हमलों की घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने घोषणा की कि भाजपा 18 जून को चेन्नई में राज्य की कानून-व्यवस्था के विरोध में बड़ा प्रदर्शन करेगी।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन
1506 2043 चेन्नई