तेदेपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए विजय, रामकृष्ण और सतीश को उम्मीदवार बनाया
शोभना
- 07 Jun 2026, 11:14 AM
- Updated: 11:14 AM
अमरावती, सात जून (भाषा) आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए चिंतकायाला विजय, भाष्यम रामकृष्ण और मौजूदा राज्यसभा सदस्य सना सतीश को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
तेदेपा अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तीनों उम्मीदवारों को 'बी-फॉर्म' सौंपे।
शनिवार देर रात जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ''चिंतकायाला विजय, भाष्यम रामकृष्ण और सना सतीश ने पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवारों के रूप में नायडू से बी-फॉर्म प्राप्त किए।''
विजय ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नायडू और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने साबित कर दिया है कि कठिन समय में पार्टी के साथ खड़े रहने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मान और पहचान मिलती है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए वह नायडू और लोकेश के सदैव ऋणी रहेंगे तथा इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।
विजय तेदेपा के राज्य महासचिव हैं और आंध्र प्रदेश में तेलुगु युवथा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने अमेरिका और भारत के शैक्षणिक संस्थानों से राजनीतिक प्रबंधन और सुशासन में डिग्रियां प्राप्त की हैं।
राज्यसभा उम्मीदवार रामकृष्ण एक निजी शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष हैं, जो आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में कई शिक्षण संस्थान संचालित करता है।
तेदेपा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण को शिक्षा के क्षेत्र में कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं और उन्होंने एक धर्मार्थ ट्रस्ट के माध्यम से विभिन्न परोपकारी कार्य किए हैं।
जानकारी के अनुसार इस ट्रस्ट ने शैक्षणिक छात्रवृत्तियों, स्वास्थ्य शिविरों, रक्तदान अभियानों, अन्नदान कार्यक्रमों और देश के विभिन्न हिस्सों में आपदा राहत कार्यों में योगदान दिया है।
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने फैसला किया है कि राज्य की चार आगामी राज्यसभा सीटों में से तीन पर तेदेपा चुनाव लड़ेगी, जबकि उसकी सहयोगी जन सेना पार्टी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।
वर्तमान में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पास राज्यसभा की सात सीट हैं, जबकि तेदेपा के पास दो सीट हैं।
हालांकि, 18 जून को होने वाले चुनाव के बाद इन आंकड़ों में बदलाव आने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश विधानसभा में तेदेपा के 135 विधायक हैं, जबकि जनसेना के 21 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ विधायक हैं। दूसरी ओर, वाईएसआरसीपी के पास केवल 11 विधायक हैं।
भाषा गोला शोभना
शोभना
0706 1114 अमरावती