बंगाल चुनाव में जीत का जश्न 'मोदीश्री' , 'जॉय बांग्ला' मिठाई बांट कर मनाने की तैयारी
रंजन
- 03 May 2026, 07:46 PM
- Updated: 07:46 PM
(बिश्वेश्वर मालाकार)
कोलकाता, तीन मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर महीने भर से अधिक समय से भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच जारी सियासी घमासान में मछली, झालमुड़ी और क्षेत्रीय अस्मिता जैसे मुद्दों के जरिये मतदाताओं से संपर्क साधा गया। और अब, सोमवार को होने वाली मतगणना के बाद विभिन्न पार्टियों के रंगों में रंगी मिठाइयों के साथ इस कड़वाहट भरे चुनावी मुकाबले के संपन्न होने की उम्मीद है।
भगवा रंग की ''मोदीश्री'' और तृणमूल कांग्रेस के हरे रंग वाली ''जॉय बांग्ला'' मिठाइयों से लेकर वाम दलों के गुलाब-स्वाद वाली लाल मिठाई ''लाल सलाम'' तक, कोलकाता के मिठाई विक्रेताओं ने भारी मात्रा में तैयार कर रखी है।
कोलकाता के मिठाई दुकानदारों ने कहा कि सत्तारूढ़ दल और विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के ऑर्डर पहले से आने शुरू हो गए हैं, भले ही सरकार किसी भी दल की बने।
प्रतिष्ठित के. सी. दास और नबीन चंद्र दास मिठाई दुकानों पर हलचल काफी बढ़ गई है, क्योंकि हलवाई प्रत्येक राजनीतिक दल के रंग में रंगे हुए रसगुल्ले और राजभोग भारी मात्रा तैयार करने में जुटे हुए हैं।
दोनों ब्रांड की दुकानें संचालित करने वाली वाली फर्म के निदेशक धीमान दास ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''भगवा रंग और केसर के स्वाद वाली संदेश मिठाई का नाम 'मोदीश्री' रखा गया है, जो चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कोलकाता की पिछली यात्रा के दौरान उनके द्वारा इस मिठाई का स्वाद लेने से प्रेरित है।''
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी गोंधोराज (नींबू का एक प्रकार) के स्वाद वाली इसकी हरी किस्म को ''जॉय बांग्ला'' नाम दिया गया है, जो सत्तारूढ़ पार्टी का नारा है।
दास ने कहा कि ये दुकानें मुख्य रूप से तरह-तरह के रसगुल्ला और राजभोग तैयार करेंगे, जबकि कई अन्य हलवाई विभिन्न पार्टियों के रंगों और प्रतीकों वाले अनुकूलित 'संदेश' मिठाई तैयार कर रहे हैं।
मिठाई विक्रेताओं ने कहा कि स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने अनौपचारिक रूप से उनसे मिठाई की आपूर्ति के बारे में बात की है, हालांकि सोमवार को मतगणना के दौरान रुझान स्पष्ट होने के बाद ही ऑर्डर को अंतिम रूप दिया जाएगा।
वहीं, कई विक्रेताओं ने सफेद रसगुल्ले तैयार कर रखे हैं, ताकि मतगणना के बाद राज्य की सत्ता में आने वाली पार्टी के रंग वाली चाशनी में उन्हें डुबोया जा सके।
दक्षिण कोलकाता के बेनापानी स्वीट्स के मालिक ने कहा, ''हमारे पास सफेद रसगुल्ले के भंडार होंगे और मतगणना के दिन हम उन्हें रंग वाली चाशनी में डुबोएंगे, जैसा कि परंपरा है।''
शहर की एक अन्य बड़ी मिठाई दुकान श्रृंखला, 'बलराम मलिक और राधारमन मलिक' के अधिकारियों ने कहा कि वे मतगणना के दिन राजनीतिक विषयों पर आधारित मिठाइयों की मांग को पूरा करने के लिए तैयार हैं।
इस मिठाई दुकान के मालिक सुदीप मलिक ने कहा, ''हम लोकतंत्र का जश्न मनाने के लिए ऐसा करते हैं। मिठाइयां बंगाल और हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। हम हर अवसर के लिए विशेष मिठाइयां तैयार करते हैं, तो चुनाव के लिए क्यों नहीं?''
वर्धमान में, प्रसिद्ध बी सी रोड पर मिठाई की दुकानें भगवा और हरे रंग के रसगुल्ले और 'संदेश' बेच रही हैं।
राज्य भर के 77 केंद्रों पर सोमवार को मतगणना होगी, जहां व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा की 293 सीटों के परिणाम सोमवार को घोषित किये जाएंगे, जबकि फाल्टा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान कराया जा रहा है और इस सीट पर 24 मई को मतगणना होगी।
भाषा सुभाष रंजन
रंजन
0305 1946 कोलकाता