ईरान के विदेश मंत्री अराघची वार्ता के लिए शुक्रवार रात पाकिस्तान पहुंचेंगे
देवेंद्र
- 24 Apr 2026, 10:54 PM
- Updated: 10:54 PM
(एम जुल्करनैन एवं सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 24 अप्रैल (भाषा) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को कहा कि वह पाकिस्तान, ओमान और रूस की यात्रा पर जा रहे हैं ताकि द्विपक्षीय मुद्दों पर "नजदीकी समन्वय" स्थापित किया जा सके और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर परामर्श किया जा सके। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान–अमेरिका के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता की उम्मीदें फिर से जगी हैं।
अराघची ने तेहरान से रवाना होने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को की समयानुकूल यात्रा पर निकल रहा हूं।"
उन्होंने कहा, "मेरी यात्राओं का उद्देश्य हमारे साझेदारों के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर नजदीकी समन्वय स्थापित करना और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर परामर्श करना है। हमारे पड़ोसी हमारी प्राथमिकता हैं।''
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' के अनुसार, अराघची पाकिस्तान, ओमान और रूस की यात्रा पर एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जहां वह द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे और क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों तथा अमेरिका–ईरान युद्ध की ताजा स्थिति पर चर्चा करेंगे।
शहबाज शरीफ सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अराघची के शुक्रवार रात एक छोटे प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता इस्लामाबाद में होने की उम्मीद है।''
अधिकारी ने कहा कि अमेरिका की साजो-सामान और सुरक्षा टीम पहले से ही इस्लामाबाद में मौजूद है, ताकि वार्ता प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने और अमेरिकी तकनीकी टीम के साथ बातचीत के ढांचे को अंतिम रूप देने के बाद, एक उच्चस्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल शनिवार रात इस्लामाबाद पहुंच सकता है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया ईरान के साथ किसी समझौते पर निर्भर करेगी।
यह घटनाक्रम पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर हुई बातचीत के बाद सामने आया। दोनों ने क्षेत्रीय घटनाक्रम तथा अमेरिका-ईरान युद्धविराम के संबंध में चर्चा की।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अराघची ने डार से फोन पर बातचीत की। डार पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी हैं।
बयान में कहा गया, ''दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय घटनाक्रम, संघर्षविराम और अमेरिका-ईरान वार्ता के संदर्भ में पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।''
हालांकि इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
बयान में कहा गया है कि डार ने जल्द से जल्द क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए लंबित मुद्दों के समाधान हेतु सतत संवाद और मुलाकातों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसमें कहा गया कि अराघची ने इस संदर्भ में पाकिस्तान की निरंतर और रचनात्मक मध्यस्थता की भूमिका की सराहना की तथा दोनों नेताओं ने संपर्क में रहने को लेकर सहमति जताई।
ईरानी मीडिया ने बताया कि अराघची ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से भी बातचीत की।
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान को वार्ता की मेज पर लाने के लिए पिछले कुछ दिनों से अपने कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं।
भाषा सुरेश देवेंद्र
देवेंद्र
2404 2254 इस्लामाबाद