ईडी ने कोलकाता पुलिस उपायुक्त के परिसर पर छापा मारा, व्यवसायी को गिरफ्तार किया
दिलीप
- 19 Apr 2026, 09:14 PM
- Updated: 09:14 PM
(फोटो के साथ)
कोलकाता, 19 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के एक मामले की जांच के तहत रविवार को कोलकाता पुलिस उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास और एक स्थानीय व्यवसायी के परिसरों पर छापेमारी के बाद व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल में एक कथित अपराधी और उससे संबंधित गिरोह के खिलाफ धन शोधन मामले की जांच के तहत की गई।
सन एंटरप्राइज के प्रबंध निदेशक जॉय कामदार को संक्षिप्त पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया गया। छापेमारी के दौरान उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया गया और ईडी कार्यालय लाया गया, जहां उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी हिरासत का अनुरोध करेगी।
इससे पहले, ईडी ने बालीगंज क्षेत्र स्थित बिस्वास के आवास और कामदार के परिसरों पर छापेमारी की।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल और कोलकाता पुलिस कल्याण समिति के मुख्य समन्वयक और नोडल अधिकारी बिस्वास अपने परिसर में मौजूद नहीं थे।
यह कार्रवाई बिस्वजीत पोद्दार उर्फ 'सोना पप्पू' नामक एक कथित स्थानीय अपराधी के खिलाफ धन शोधन के मामले से जुड़ी है। उस पर हत्या के प्रयास और वसूली के आरोपों में कई मामले दर्ज हैं।
संघीय जांच एजेंसी ने इस मामले में एक अप्रैल को पहली बार छापेमारी की थी।
उस समय ईडी ने तलाशी के दौरान कुछ परिसरों से 1.47 करोड़ रुपये नकद, 67.64 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण और एक देसी रिवॉल्वर जब्त की थी।
यह जांच दंगा करने, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश रचने और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में पोद्दार के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से जुड़ी है।
ईडी ने नौ अप्रैल को एक बयान में कहा था कि पोद्दार एवं अन्य आरोपी पश्चिम बंगाल राज्य में संगठित आपराधिक गिरोह की गतिविधियों में शामिल थे और गिरोह के संचालन के माध्यम से अवैध रूप से धन जुटाते थे।
पोद्दार कोलकाता के गोलपार्क के पास कंकुलिया रोड पर हुई हिंसा के एक मामले में भी वांछित है और फिलहाल फरार है। ईडी ने पोद्दार को समन जारी किया है, लेकिन एजेंसी के अनुसार वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुआ है।
पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरण में विधानसभा चुनाव होना है। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
1904 2114 कोलकाता