कांग्रेस और द्रमुक ने महिलाओं के साथ 'विश्वासघात' किया : अमित शाह
नरेश
- 19 Apr 2026, 10:00 PM
- Updated: 10:00 PM
(तस्वीरों के साथ)
इरोड (तमिलनाडु), 19 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के खिलाफ मतदान करने को लेकर कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर रविवार को तीखा हमला किया और उन पर संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण से वंचित कर उनसे ''विश्वासघात'' करने का आरोप लगाया।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस ''साजिश'' को सफल नहीं होने देगी और देश की महिलाओं के लिए न्याय सुनिश्चित करेगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मोडक्कुरिची से अपनी पार्टी की उम्मीदवार कृतिका शिवकुमार के समर्थन में यहां आयोजित रोड शो में भरोसा जताया कि इस चुनाव के बाद राज्य में 'ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम' (अन्नाद्रमुक) प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाएगा।
शाह ने कहा, ''कांग्रेस और द्रमुक ने पूरे देश और तमिलनाडु की माताओं-बहनों को संसद और विधानसभाओं में (आरक्षण से) निश्चित रूप से वंचित किया है। तमिलनाडु के लिए (लोकसभा सीटों में) 50 प्रतिशत वृद्धि का मौका था, लेकिन 2026 की जनगणना के आधार पर सीट बढ़ाने पर जोर देकर उन्होंने तमिलनाडु की सीट घटाने की साजिश रची है।''
उन्होंने कहा, ''लेकिन मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से तमिलनाडु के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम कांग्रेस और द्रमुक की इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे। हम तमिलनाडु के लोगों और तमिलनाडु की महिलाओं को निश्चित रूप से न्याय दिलाएंगे।''
शाह ने ''परिवारवादी राजनीति'' को लेकर सत्तारूढ़ द्रमुक पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ''(मुख्यमंत्री) स्टालिन का पूरा ध्यान अपने बेटे (उदयनिधि) को मुख्यमंत्री बनाने पर है। पहले करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उनका बेटा। ऐसे वंशवादी दल तमिलनाडु के लोकतंत्र का कोई भला नहीं कर सकते।''
शाह ने कथित भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर भी द्रमुक की आलोचना की।
उन्होंने कहा, ''राज्य में अन्नाद्रमुक एवं भाजपा की सरकार बनने पर द्रमुक का भ्रष्ट शासन खत्म होगा। हम तमिलनाडु में भी अन्य राज्यों की तरह कानून-व्यवस्था बेहतर बनाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम तमिलनाडु की खोई हुई गरिमा वापस लाने का प्रयास करेंगे।''
शाह ने भाजपा को मिलने वाले ''उत्साहपूर्ण समर्थन'' की भी सराहना की।
भाजपा के शीर्ष नेता ने अपने प्रचार वाहन से कीर्तिका के लिए वोट मांगे और जनता से अपील की कि वे उन्हें भारी मतों के अंतर से विजयी बनाएं।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''तमिलनाडु में भाजपा के लिए उत्साहपूर्ण समर्थन।''
बाद में, शाह ने राजग उम्मीदवारों के समर्थन में चेन्नई में एक और रोड शो में भाग लिया।
शाह ने मयिलापुर में भी एक अन्य रोड शो किया और इस दौरान उनके साथ राजग उम्मीदवार डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन (भाजपा) और अन्नाद्रमुक की पी. वलारमती भी मौजूद थीं।
रोड शो के दौरान शाह एक सजे वाहन के ऊपर सवार थे और सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े लोगों और समर्थकों को हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे थे।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
1904 2200 इरोड