मुख्यमंत्री ने पांच दिवसीय 'भीम ज्योति उत्सव-2026' की शुरुआत की
दिलीप
- 10 Apr 2026, 10:29 PM
- Updated: 10:29 PM
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर पांच दिवसीय 'भीम ज्योति उत्सव-2026' की शुक्रवार को शुरुआत करते हुए कहा कि बाबा साहेब द्वारा रचित संविधान देश के अंतिम पायदान पर खड़े नागरिक के अधिकारों और सम्मान की गारंटी है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एक विशेष 'वॉकाथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका उद्देश्य समाज में समानता और जागरूकता का संचार करना है। इसके बाद उन्होंने मेला स्थल का भ्रमण कर 50 से अधिक विभिन्न 'स्टॉल' का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर आंबेडकर के सम्मान में 'जय भीम' अंकित 6,000 से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि "भीम ज्योति उत्सव-2026" केवल एक सरकारी आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक जन-आंदोलन है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा रचित संविधान मात्र एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के अंतिम पायदान पर खड़े नागरिक के अधिकारों और सम्मान की गारंटी है।
गुप्ता ने आह्वान किया, "एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए हमें उनके विचारों को अपने आचरण में उतारना होगा।"
गुप्ता ने कहा कि आंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और यह उत्सव उसी संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को अज्ञानता से ज्ञान की ओर ले जाने का एक सशक्त प्रयास है।
सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य दलित बस्तियों सहित समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है, ताकि बाबा साहेब के सपनों का समतामूलक समाज साकार हो सके।
बयान के मुताबिक, कर्तव्य पथ क्षेत्र में विकसित 'भीम ज्योति उत्सव परिसर' पांच दिवसीय पांच दिवसीय 'भीम ज्योति उत्सव-2026' का मुख्य केंद्र है। यह कार्यक्रम 14 अप्रैल को पड़ने वाली आंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर आयोजित किया जा रहा है।
इस परिसर में बाबा साहेब के जीवन दर्शन और संविधान निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान को समर्पित '299 महान व्यक्तित्वों की विशेष गैलरी' स्थापित की गई है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप
1004 2229 दिल्ली