बंगाल के लोग परेशान, लेकिन ममता की अपने भतीजे को अगला मुख्यमंत्री बनाने में ज्यादा रुचि : शाह
माधव
- 10 Apr 2026, 08:37 PM
- Updated: 08:37 PM
(फोटो के साथ)
देबरा (प. बंगाल), 10 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह कथित बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बाढ़ और घुसपैठ से निपटने की बजाय अपने भतीजे को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने में अधिक रुचि रखती हैं।
कोलकाता में भाजपा का घोषणापत्र जारी करने के कुछ घंटों बाद पश्चिम मेदिनीपुर जिले के देबरा में एक रैली को संबोधित करते हुए, शाह ने बनर्जी और उनके भतीजे, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा और 2026 के विधानसभा चुनाव को उनके द्वारा वंशवादी राजनीति और भाजपा के रोजगार, कल्याण और सख्त कानून व्यवस्था के वादे के बीच की लड़ाई के रूप में पेश करने की कोशिश की।
शाह ने किसी का नाम लिए बिना कहा, ''यहां के लोग परेशान हैं, लेकिन ममता बनर्जी को अपने भतीजे को अगला मुख्यमंत्री बनाने में ज्यादा दिलचस्पी है।''
उन्होंने कहा कि जहां बनर्जी का एकमात्र उद्देश्य ''अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना'' है, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंगाल के युवाओं को रोजगार प्रदान करना चाहते हैं।
भाजपा द्वारा अपने 'संकल्प पत्र' में घोषित वैचारिक प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए, शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार सत्ता में आने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी।
उन्होंने कहा, ''यहां भाजपा सरकार बनते ही हम यूसीसी लागू कर देंगे। पूरे बंगाल में किसी को भी चार विवाह करने की अनुमति नहीं होगी। कानून सबके लिए समान होना चाहिए।''
शाह ने कहा, ''ममता बनर्जी घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहती हैं, लेकिन भाजपा घुसपैठियों का पता लगाकर उन्हें खत्म करना और देश से बाहर निकालना चाहती है। ममता जी, आप चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, हम पश्चिम बंगाल से हर अवैध प्रवासी को बाहर निकाल देंगे।''
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार बनाती है तो चुनाव के बाद हर घुसपैठिए का पता लगाकर उसे बाहर निकाल दिया जाएगा।
शाह ने कहा, ''मैं ममता बनर्जी के इशारों पर अत्याचार करने वाले गुंडों से कहना चाहता हूं कि पांच मई (चुनाव परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद) के बाद आपको तय करना होगा कि आप कहां जाएंगे। क्योंकि भाजपा की सरकार आ रही है, और उसके बाद जो भी जनता को परेशान करेगा, उसे जेल में डाल दिया जाएगा।''
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार, जबरन वसूली और सिंडिकेट राज का पर्याय बन गया है।
उन्होंने कहा, ''तृणमूल कांग्रेस ने अपनी 'कट-मनी' की राजनीति से पश्चिम बंगाल को बर्बाद कर दिया है।''
शाह ने बनर्जी सरकार पर राज्य को दिवालिया करने और गरीबों की शिक्षा की बजाय मदरसों के निर्माण को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ''बंगाल पर 8 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है, लेकिन ममता जी को इसकी कोई परवाह नहीं है। उनका ध्यान वंचितों के लिए स्कूल बनाने के बजाय मदरसे बनाने पर केंद्रित है।''
उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने मदरसों के लिए 5,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
शाह ने आरोप लगाया, ''ममता बनर्जी 'मां-माटी-मानुष' के नारे के साथ सत्ता में आईं, लेकिन युवाओं को बेरोजगार छोड़ दिया गया है, महिलाओं पर अत्याचार किए जा रहे हैं और किसानों का जीवन कठिन बना दिया गया है।''
उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद, प्रत्येक बेरोजगार युवा को प्रति माह 3,000 रुपये मिलेंगे, महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में 3,000 रुपये मिलेंगे और किसानों को सालाना 9,000 रुपये मिलेंगे।
उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और मोदी सरकार के विरोध ने यहां के लोगों को परेशान कर रखा है। बेरोजगारी युवाओं को सता रही है। लेकिन चिंता न करें, पांच मई के बाद भाजपा प्रत्येक बेरोजगार युवा को हर महीने 3,000 रुपये देगी।''
भाजपा के सत्ता में आने पर परियोजना के त्वरित कार्यान्वयन का वादा करते हुए शाह ने कहा, ''भाजपा सरकार बनाएं और हम एक वर्ष के भीतर घाटाल मास्टर प्लान को लागू करेंगे और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान करेंगे।''
बनर्जी के इस आरोप को खारिज करते हुए कि बंगाल में भाजपा सरकार ''दिल्ली से चलाई जाएगी'', शाह ने कहा कि अगला मुख्यमंत्री ''बंगाल में जन्मा और पला-बढ़ा भाजपा कार्यकर्ता'' होगा।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
1004 2037 देबरा