यूडीएफ ने केरल के लोगों के लिए ''नयी उम्मीद'' जगाई है: राहुल गांधी
पवनेश
- 03 Apr 2026, 10:24 PM
- Updated: 10:24 PM
(तस्वीरों के साथ)
तिरुवनंतपुरम, तीन अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह केरल में विधानसभा चुनाव को लेकर हाल में पार्टी नेताओं के साथ चर्चा के दौरान स्वादिष्ट नाश्ते का आनंद लेते हुए नजर आ रहे हैं।
केरल विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा।
वीडियो में, वह कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन और पार्टी के कुछ उम्मीदवारों के साथ नाश्ता कर रहे हैं और उनके साथ प्रतिभा पलायन, नौकरियों की कमी और एफसीआरए में प्रस्तावित संशोधनों जैसे मुद्दों पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
वायनाड लोकसभा सीट से पूर्व सांसद गांधी ने 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में कहा, ''अप्पम, पुट्टू और ऑमलेट खाते हुए, यूडीएफ नेताओं और मेरे बीच केरल चुनाव की जमीनी स्थिति पर अच्छी और दिलचस्प चर्चा हुई। यह स्पष्ट है कि केरल बदलाव का हकदार है—शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, युवाओं के लिए वास्तविक अवसर और एक ऐसी सरकार जो बीमारी और बुढ़ापे में अपने लोगों का साथ दे।''
उन्होंने कहा, ''संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) केरल के लोगों के लिए एक नयी उम्मीद है-हमारी टीम मजबूत, एकजुट और नेतृत्व करने के लिए तैयार है।''
नाश्ते के दौरान हुई बैठक में, सतीशन ने गांधी को बताया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ लंबे समय से सरकार को ''बेनकाब'' कर रहा है।
उन्होंने कहा, ''पहली बार, हम उन सभी जगहों पर विकल्प ला रहे हैं जहां सरकार विफल रही है।''
इसके बाद गांधी ने पूछा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की क्या विफलताएं हैं, जिस पर सतीशन ने टिप्पणी की कि विश्वविद्यालयों में पाठ्यक्रम पुराने हो चुके हैं, जिसके परिणामस्वरूप राज्य से प्रतिभा पलायन हो रहा है।
उन्होंने कहा, ''अगर यही सिलसिला जारी रहा तो पांच साल के भीतर केरल एक वृद्धाश्रम बन जायेगा।''
अंगामली से कांग्रेस विधायक रोजी एम जॉन ने दावा किया कि केरल के ज्यादातर कला और विज्ञान कॉलेजों में कम नामांकन और कई खाली सीट हैं, ''क्योंकि कोई भी वहां पढ़ना नहीं चाहता।''
उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप युवाओं का पलायन हुआ है।
वेणुगोपाल ने कहा कि शिक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है।
इसके बाद गांधी ने केरल और पूरे देश में रोजगार सृजन की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि चीन, उसके पड़ोसी देशों और वियतनाम में अब रोजगार के अवसर मौजूद हैं, क्योंकि ''वे ही सब चीजों का उत्पादन कर रहे हैं''।
गांधी ने कहा, ''हमारे व्यापारी, जैसे अदाणी और अंबानी, कुछ भी उत्पादन नहीं करना चाहते। वे सिर्फ चीन के उत्पाद बेचना चाहते हैं। वे उत्पादन से बचते हैं।''
उन्होंने कहा, ''वे यहां कारखाने बनाने के बजाय चीन में कारखाने स्थापित करना और उत्पादों को भारत में बेचना पसंद करते हैं।''
गांधी और पार्टी नेताओं ने वेणुगोपाल के साथ विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों पर भी चर्चा की।
चुनावी मुद्दों पर गंभीर चर्चाओं के अलावा कांग्रेस नेताओं ने कुछ हल्के पल भी साझा किए और राहुल द्वारा शबरिमला मंदिर में सोने की कथित चोरी में माकपा नेताओं की कथित संलिप्तता पर बने एक लोकप्रिय पैरोडी गीत की एक पंक्ति गाने पर उनकी सराहना की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मीडिया इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रहा था, लेकिन उनके (राहुल गांधी के) इसे गाने को गाए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है।
एक हल्का-फुल्का क्षण तब आया जब गांधी ने पूछा कि कांग्रेस नेता मछली और मटन वाला इतना भारी नाश्ता क्यों कर रहे हैं।
सतीशन ने जवाब दिया, ''अन्यथा, हम दिन में दोपहर का भोजन नहीं कर पाएंगे।''
इसके बाद गांधी ने कहा, ''मुझे पता है आप लोग हर दिन दोपहर का भोजन करते हैं। केरल के लोग इसे कभी नहीं छोड़ते।'' यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
0304 2224 तिरुवनंतपुरम