अन्नाद्रमुक को ''मुस्लिम विरोधी'' करार देने पर पलानीस्वामी ने स्टालिन की आलोचना की
प्रशांत
- 04 Apr 2026, 12:07 AM
- Updated: 12:07 AM
वेल्लोर, तीन अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एम. के. स्टालिन पर तीखा हमला करते हुए शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री उनकी पार्टी को सिर्फ इसलिए ''मुस्लिम विरोधी'' के रूप में चित्रित कर रहे हैं क्योंकि उसने भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के साथ गठबंधन किया है।
पलानीस्वामी ने अंबूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि स्टालिन कहते हैं कि ''पलानीस्वामी ने कई नाकामियां देखी हैं'' और उनका यह बयान अहंकार से भरा है तथा उन्हें अतीत में लौटकर देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2011 के विधानसभा चुनाव में द्रमुक को मुख्य विपक्षी दल का दर्जा तक नहीं मिला था तथा अन्नाद्रमुक ने 2011 से 2021 तक कई चुनाव जीते और महत्वपूर्ण बात यह रही कि उसने गठबंधन के बिना भी जीत हासिल की।
पलानीस्वामी ने कहा कि जब द्रमुक को शासन करने का किसी तरह मौका मिला तो वह इसका उपयोग सुशासन देने के लिए कर सकती थी लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
द्रमुक शासन में लोगों को कई परेशानियां होने का दावा करते हुए पलानीस्वामी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों एवं नशीली दवाओं की समस्या बढ़ने समेत कई आरोप लगाए।
पलानीस्वामी ने लोगों से ''चुनाव के जरिए परिवारवाद का अंत करने और सुशासन का समर्थन करने'' की अपील करते हुए कहा, ''अल्पसंख्यक समुदायों को सोचना चाहिए। हमने आपकी रक्षा उसी तरह की जैसे पलक आंख की रक्षा करती है। यह कितना बड़ा झूठ है कि अगर हम भाजपा के साथ गठबंधन करते हैं तो हम मुसलमानों की रक्षा नहीं करेंगे? विचारधारा एक चीज है और चुनावी गठबंधन करना दूसरी चीज। चुनाव के लिए गठबंधन सिर्फ वोट बंटने से रोकने के लिए किया गया है। अन्नाद्रमुक की नीति नहीं बदलेगी।''
उन्होंने दावा किया कि तिरुनेलवेली में एक पुलिस उपनिरीक्षक ने अपनी जान को खतरा होने की आशंका के कारण मुख्यमंत्री से मदद मांगी थी और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी ''लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अगले दिन उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। क्या आप इसी तरह अल्पसंख्यकों की रक्षा करते हैं?''
पलानीस्वामी ने कहा, ''स्टालिन सिर्फ इसलिए हमें मुस्लिम विरोधी बताने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि हमने गठबंधन किया है। द्रमुक का 1999 के लोकसभा चुनाव और 2001 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन था। क्या उस समय भाजपा अच्छी पार्टी थी?''
मुख्यमंत्री स्टालिन ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री ने सिर्फ राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की बात की और यह तक नहीं कहा कि पलानीस्वामी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। स्टालिन के इस दावे को लेकर अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि ''अन्नाद्रमुक सरकार बनाएगी'' और वही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।
भाषा सिम्मी प्रशांत
प्रशांत
0404 0007 वेल्लोर