मेघालय में अशांति के पीछे बांग्लादेशी घुसपैठियों के आदिवासी अधिकारों को हड़पने का प्रयास हैं: भाजपा
पवनेश
- 13 Mar 2026, 10:33 PM
- Updated: 10:33 PM
नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा आदिवासियों के अधिकारों को "हड़पने" के प्रयासों के कारण मेघालय के कुछ हिस्सों में अशांति फैली है और उसने राज्य के गारो हिल्स के स्वदेशी समुदायों को समर्थन देने का संकल्प लिया है।
मंगलवार तड़के पश्चिमी गारो हिल्स के चिबिनांग में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) चुनाव के लिए गैर-गारो उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने के कथित प्रयासों के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान हुई झड़पों के दौरान हुई।
तुरा और क्षेत्र के अन्य स्थानों में आगजनी, नागरिकों पर हमले और बड़े जमावड़ों की कई घटनाएं सामने आईं, जिसके चलते अधिकारियों को कर्फ्यू लगाना पड़ा और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए सेना तैनात करनी पड़ी।
हिंसा के बाद, राज्य सरकार ने 10 अप्रैल को होने वाले जीएचएडीसी चुनावों को स्थगित कर दिया।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "इस तनाव का मुख्य कारण स्थानीय आदिवासी समुदाय में बांग्लादेशियों की घुसपैठ और गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) चुनाव लड़ने के उनके प्रयास हैं।"
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा गैर-आदिवासी अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों द्वारा गारो हिल्स में आदिवासी समुदाय के अधिकारों को हड़पने के "षड्यंत्र" की निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि जीएचएडीसी एक स्वायत्त निकाय है और इसका प्रशासन "पूरी तरह से स्थानीय आदिवासी सदस्यों में निहित है जिनके पास चुनाव लड़ने की पात्रता का प्रमाण पत्र है"।
उन्होंने आरोप लगाया, "हालांकि, घुसपैठियों ने पश्चिम बंगाल और झारखंड से सीख लेकर एक नई रणनीति अपना ली है। वे स्थानीय आदिवासी महिलाओं से शादी करते हैं, फिर उन्हें तलाक देकर अलग हो जाते हैं। इसके बाद फर्जी प्रमाण पत्रों के साथ चुनाव लड़ने के लिए आगे आते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "फूलबारी के पूर्व विधायक और वर्तमान में टीएमसी के सदस्य इस्मातुर मोमिनिन द्वारा जीएचएडीसी चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करना इसका ताजा उदाहरण है।"
प्रसाद ने कहा कि भाजपा आदिवासियों के अधिकारों पर ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा, "भाजपा गारो हिल्स के आदिवासी समुदायों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों से वंचित करने के हर प्रयास का विरोध करेगी।"
भाषा
प्रशांत पवनेश
पवनेश
1303 2233 दिल्ली