हरियाणा के नूंह में मेघालय पुलिस टीम पर हमला, मामला दर्ज
सुरेश
- 11 Mar 2026, 09:48 PM
- Updated: 09:48 PM
चंडीगढ़, 11 मार्च (भाषा) हरियाणा पुलिस ने मेघालय पुलिस की एक टीम पर कथित तौर पर हमला करने और एटीएम लूट के एक मामले में आरोपी को उनकी हिरासत से छुड़ाने की कोशिश करने के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नूंह पुलिस के अनुसार, यह मामला वाजिदपुर निवासी आरोपी राहुल खान को छुड़ाने के प्रयास से संबंधित है। मेघालय पुलिस डकैती के मामले में उसे ट्रांजिट रिमांड पर मेघालय ले जा रही थी।
इन लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों में आधिकारिक कर्तव्य में बाधा डालना, आधिकारिक हथियारों को छीनने का प्रयास करना और मंगलवार को नूंह में पुलिस दल पर हमला करना शामिल है।
मुठभेड़ के दौरान, मेघालय पुलिस टीम ने अपने सहयोगियों की रक्षा के लिए गोलीबारी की।
नूंह पुलिस ने बताया कि जब आरोपियों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और हथियार छीनने की कोशिश की तो एक गोली जमीन पर लगने के बाद छिटककर वापस पास ही खड़े एक युवक के पैर में जा लगी। युवक को रोहतक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मेघालय पुलिस के एक अधिकारी के बयान के आधार पर नूंह पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
नूंह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आयुष यादव ने पत्रकारों को बताया कि मेघालय पुलिस के एक अधिकारी ने घटनाक्रम का विस्तृत विवरण देते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि उनकी टीम राहुल को नूंह की पुन्हाना अदालत में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर मेघालय ले जा रही थी।
मंगलवार शाम को जब पुलिस दल नूंह के सिकरावा गांव के पास राहुल को लेकर पहुंचा तब आरोपी ने वाहन रोकने पर जोर दिया और अचानक मेघालय पुलिस के वाहन का स्टीयरिंग व्हील पकड़ लिया, उसने कथित तौर पर हिरासत से भागने के लिए वाहन को पलटने की कोशिश की।
एएसपी के अनुसार, इसी दौरान कई महिलाओं सहित 20 से 30 लोगों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठी हो गई और मेघालय पुलिस के वाहन को घेर लिया। उन्होंने पुलिस कार की चाबियां छीनने की कोशिश की, पुलिसकर्मियों पर हमला किया और उनके आधिकारिक हथियार छीनने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही नूंह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए।
एएसपी यादव ने बताया कि मेघालय पुलिस के एक अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और मौके पर की गई जांच के निष्कर्षों के आधार पर 12 व्यक्तियों के साथ-साथ अन्य अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीम गठित की गई हैं और उनकी गिरफ्तारी में सहायता के लिए छापेमारी जारी है।
भाषा
शुभम सुरेश
सुरेश
1103 2148 चंडीगढ़