दिल्ली के पार्क में मणिपुर की महिला पर हमला, लड़कों के समूह ने बेल्ट से पिटाई की
अमित
- 09 Mar 2026, 10:43 PM
- Updated: 10:43 PM
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दक्षिण दिल्ली में रहने वाली मणिपुर की एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक पार्क में सैर करते समय की गयी यौन एवं नस्ली टिप्पणियों का विरोध करने पर लड़कों के एक समूह ने उसे बेल्ट से पीटा और चाकू से हमला किया। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में साकेत जिला अदालत परिसर के निकट रविवार शाम को हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला और उसकी सहेली पार्क में सैर करने गई थीं और तस्वीरें ले रही थीं, तभी करीब छह-सात लड़कों ने उन पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दी।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा, ''जब हमने इसका विरोध किया और उन्हें रुकने को कहा, तो लड़के आक्रामक हो गये और हमें वेश्या कहा तथा नस्ली टिप्पणी करते हुये हिंदी में गालियां दी।''
उसने आरोप लगाया कि स्थिति जल्दी ही हिंसक हो गयी। उसने आरोप लगाया, ''वे आक्रामक हो गये और मुझसे मारपीट करने लगे। मुझे पीटने के बाद भी वे नहीं रुके।''
महिला ने आरोप लगाया कि उनमें से एक हमलावर ने चाकू निकाल लिया और उस पर चाकू से हमले का प्रयास किया, जिसके बाद वह मौके से भागने पर मजबूर हो गयी।''
उसने बताया, ''भागते हुये जब मैं गिर गयी, तो उन्होंने बेल्ट निकाला और लोहे की तरफ से मेरे सिर के पिछले हिस्से पर प्रहार किया, जिससे मेरे दाहिने कान से रक्तस्राव होने लगा।''
महिला ने आरोप लगाया कि उसने और उसकी सहेली ने हमलावरों से रुकने की गुहार लगाई, लेकिन हमला जारी रहा। उसने कहा, ''हम उनसे विनती कर रहे थे कि वे हमें और न पीटें। भागते हुए हमने मदद के लिए पुकारा, लेकिन किसी ने भी हम पर हो रहे हमले और उत्पीड़न को रोकने की कोशिश नहीं की।''
महिला ने बताया कि उसने हमलावरों को पहले कभी नहीं देखा था।
पुलिस ने बताया कि आपातकालीन सूचना मिलने पर स्थानीय थाना प्रभारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल महिला से मुलाकात की।
पुलिस ने बताया कि महिला ने उन्हें सूचित किया कि पार्क में लगभग 15 से 16 वर्ष की आयु के कुछ लड़के मौजूद थे और उन्होंने अपशब्द कहे और अश्लील टिप्पणी करनी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार महिला ने बताया कि जब उसने विरोध किया, तो वे कथित तौर पर आक्रामक हो गए और उससे झगड़ा करने लगे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक ने महिला को बेल्ट से मारा, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। पुलिस ने कहा कि महिला को मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके कान के पीछे हल्का सा घाव और दाहिनी ठोड़ी पर हल्की सूजन और खरोंच देखी। पुलिस ने बताया कि बाद में उसे आगे की जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।
सोमवार को पुलिस ने हमले के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की और चार नाबालिगों को पकड़ा है, जिनमें से तीन स्कूल छोड़ चुके हैं और एक सातवीं कक्षा का छात्र है।
पुलिस ने बताया कि मारपीट में जिस बेल्ट का इस्तेमाल किया गया है उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
भाषा रंजन अमित
अमित
0903 2243 दिल्ली