राजनीतिक उथल-पुथल, प्राकृतिक त्रासदियों के बावजूद कांग्रेस सरकार ने लंबित मुद्दे सुलझाये: सुक्खू
राजकुमार माधव
- 14 Mar 2024, 09:59 PM
- Updated: 09:59 PM
शिमला, 14 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक उथल-पुथल प्राकृतिक त्रासदियों एवं आर्थिक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद लंबित समस्याओं को हल किया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 महीनों में किये गये कार्यों को जनता के दरबार में प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने मुद्दों का समाधान करने की कभी कोशिश नहीं की और उन्हें लटकाये रखा।
यहां मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए सुक्खू ने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार ने लंबित समस्याओं का समाधान किया, हमने आर्थिक, त्रासदी और राजनीतिक मोर्चे पर चुनौतियों का सामना किया है। पिछले पंद्रह महीने में किये गये कार्यों को हम जनता की दरबार में ले जायेंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ पिछले पंद्रह महीने में हमारे सामने आर्थिक, त्रासदी और राजनीतिक मोर्चे पर बस चुनौतियां ही आयी हैं और हमने लंबित मुद्दों का समाधान किया है। (पिछली) भाजपा सरकार ने इन मुद्दों का हल करने की चेष्टा कभी नहीं की और उसने बस मामलों को लटकाये रखा।’’
सुक्खू लोकसभा चुनाव से पहले राज्य का दौरा कर रहे हैं और घोषणाएं कर रहे हैं। हाल में उन्होंने 18 से 59 साल तक की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की। बृहस्पतिवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गयी।
सुक्खू की टिप्पणियों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुरानी गारंटियों को नये कलेवर में पेशकर असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि कैसे पांच लाख से अधिक महिलाओं को अप्रैल-मई से पेंशन मिल सकता है क्योंकि फार्म भरने की प्रक्रिया होनी है एवं लोकसभा चुनाव के वास्ते आदर्श आचार संहिता शीघ्र ही लागू कर दी जाएगी।
सुक्खू ने कहा कि चुनाव की अधिसूचना अभी जारी होना बाकी है तथा संसदीय चुनाव के वास्ते कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों की शीघ्र घोषणा की जाएगी।
एक दिन पहले भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के वास्ते अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करते हुए हमीरपुर और शिमला के वर्तमान सांसदों क्रमश: अनुराग ठाकुर एवं सुरेश कश्यप को फिर इन सीट पर प्रत्याशी बनाया है।
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीट-- शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा हैं। भाजपा ने बुधवार को हमीरपुर और शिमला से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। उसने मंडी और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार अभी घोषित नहीं किये हैं।
कांग्रेस ने इन सीट पर अबतक किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
भाषा राजकुमार