बेटे को बचाने की कोशिश में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, दो दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
धीरज
- 19 Feb 2026, 09:06 PM
- Updated: 09:06 PM
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) उत्तरपूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में अपने नाबालिग बेटे को कथित तौर पर हमले से बचाने की कोशिश करते समय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के दो दिन बाद भी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमर में रिकॉर्ड तस्वीरों का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित मोहम्मद उमर दीन को मंगलवार शाम को गोली मारी गई थी। उसने बताया कि घटना तब हुई जब उमर दीन के 15 वर्षीय बेटे पर ट्यूशन से लौटते समय कुछ युवकों ने हमला कर दिया जिसके बाद लड़के ने अपने पिता को फोन कर मदद के लिए बुलाया था।
उमर दीन नंद नगरी में अपनी पत्नी, पांच बच्चों और बुजुर्ग पिता के साथ रहता था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि इस घटना से वे सदमे में हैं। परिजनों के मुताबिक घटना उस दिन हुई जब उमर की शादी की 17वीं शादी सालगिरह थी।
पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले नाबालिग ने कुछ लड़कों को अपने दोस्तों पर हमला करते देखा और बीच-बचाव किया, जिसके बाद समूह ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने मदद के लिए अपने पिता को फोन किया।
उमर दीन और उनकी पत्नी राबिया जब मौके पर पहुंचे तो उनके व आरोपियों के बीच कथित तौर पर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक ने पिस्तौल निकालकर कई गोलियां चलाईं, जिनमें कुछ गोलियां हवा में चलाई गईं और फिर उमर दीन पर गोली चलाई गई। आरोप है कि करीब चार गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उमर दीन की छाती में लगी।
पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्य उसे गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपराध और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों से लगे सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरों का विश्लेषण कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और आरोपियों में से एक नाबालिग हो सकता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीम काम कर रही हैं और प्रकरण की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज
1902 2106 दिल्ली