मनरेगा को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी कांग्रेस : अजय राय
आनन्द रवि कांत
- 14 Feb 2026, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
लखनऊ, 14 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को उसके मूल स्वरूप में बहाल किए जाने तक सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
राय ने कहा कि संघर्ष के इस क्रम में कांग्रेस आगामी 17 फरवरी को पूरे जोर-शोर से उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एवं भारतीय राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष-प्रभारी संगठन अखिलेश शुक्ला ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक साझा संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि विगत तीन जनवरी से अनवरत पूरे प्रदेश में "मनरेगा बचाओ संग्राम" जारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) को उसके मूल स्वरूप में बहाल किए जाने तक सड़क से सदन तक पार्टी की यह लड़ाई जारी रहेगी।
कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक संवाददाता सम्मेलन की शुरुवात पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
राय ने कहा कि 13 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में बहुत ही सफल और ऐतिहासिक मनरेगा बचाओ पदयात्रा निकाली गई और प्रदेश के सभी कोनों में यह आवाज पहुंचा दी गई है कि मनरेगा जैसे जन कानून को खत्म कर मोदी सरकार ने अपनी मजदूर और किसान विरोधी सोच को उजागर कर दिया है।
राय ने एक और महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करते हुए कहा कि कल सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरनंद जी के चयन पर सवाल उठाकर ना सिर्फ सनातन का बल्कि इस देश के करोड़ों हिंदुओं की आस्था का अपमान किया है।
राय ने कहा कि योगी जी स्वयं एक पीठ के महंत हैं और उसके बावजूद उनका यह सवाल कि शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरानंद का चयन कैसे हो गया निहायत ही बचकाना और सनातन की परंपराओं पर उनकी अज्ञानता जाहिर करता है।
भारतीय राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष, प्रभारी संगठन अखिलेश शुक्ला ने कहा कि अमेरिका से हुई व्यापारिक संधि भारतीय किसानों के साथ मोदी सरकार का धोखा है, जबरदस्त सब्सिडी प्राप्त अमेरिकी किसान जब शून्य प्रतिशत ड्यूटी के साथ अपना सामान बेचेगा तो भारतीय किसान उसके सामने नहीं टिक पाएगा।
अखिलेश शुक्ला ने कहा कि इस अभियान के तहत हम भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के किसान विरोधी प्रभाव के बारे में क्रमबद्ध तरीके से उप्र के किसानों को जागरुक एवं संगठित करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत हमारे किसान पदाधिकारी गांव-गांव जाकर 50-50 किसानों के समूहों में इस समझौते से आने वाले खतरों और नुकसानों के प्रति किसानों को आगाह करेंगे और उन्हें एकजुट कर मोदी सरकार पर इस समझौते को रद्द करने का दबाव बनाएंगे।
भाषा
आनन्द रवि कांत
1402 2125 लखनऊ