दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई
शुभम दिलीप
- 15 Dec 2025, 10:06 PM
- Updated: 10:06 PM
नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (भाषा) दिल्ली में सोमवार को दृश्यता में भारी गिरावट और धुंध से ढके आसमान के बीच सुबह के समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 498 तक पहुंच गया और शाम तक 427 पर स्थिर हो गया, जिससे वायु गुणवत्ता खतरनाक "गंभीर" श्रेणी में बनी रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शहर भर के 27 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता "गंभीर" श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 12 केंद्रों में "अत्यंत खराब" स्तर दर्ज किया गया। 40 केंद्रों में से वजीरपुर में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 475 था।
गौरतलब है कि सीपीसीबी 500 से अधिक का एक्यूआई मान दर्ज नहीं करता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पीएम2.5 की सांद्रता 154.96 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर थी, जबकि पीएम10 का स्तर 260.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।
घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया, जिससे कम दृश्यता और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं निवासियों और आगंतुकों के लिए परेशानी का सबब बन गईं।
चिकित्सकों ने लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पल्मोनोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. सौरभ मित्तल ने कहा कि घर के अंदर रहना ही प्राथमिक सावधानी है।
उन्होंने कहा, "बच्चों को घर के अंदर खेलना चाहिए और अगर बाहर जाना अपरिहार्य हो तो लोगों को एन95 मास्क पहनना चाहिए। स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त लोगों को नियमित रूप से अपनी दवाएं लेनी चाहिए और बुजुर्गों को फेफड़ों के संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए अपने चिकित्सकों के बताए टीके लगवाने चाहिए।"
दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक दिन पहले ही बिगड़ गई थी और रविवार को एक्यूआई 461 तक पहुंच गया। यह इस सर्दी में शहर का सबसे प्रदूषित दिन था और दिसंबर में दर्ज दूसरा सबसे खराब आंकड़ा है। वजीरपुर स्थित निगरानी केंद्र ने दिन के दौरान अधिकतम संभव एक्यूआई मान 500 दर्ज किया, जिसके बाद सीपीसीबी डेटा दर्ज नहीं करता है।
मौसम पूर्वानुमानों के अनुसार वायु गुणवत्ता "गंभीर" श्रेणी में है, जबकि वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार अगले छह दिनों के लिए स्थिति "बहुत खराब" रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि औसत हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रही और यह प्रदूषकों के फैलाव के लिए अनुकूल नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 76 प्रतिशत थी।
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
भाषा
शुभम