हंगरी में ओर्बन सरकार के दौरान रोकी गई रकम को जारी करने पर ईयू के अधिकारी चर्चा करेंगे
पारुल
- 17 Apr 2026, 05:16 PM
- Updated: 05:16 PM
बुडापेस्ट, 17 अप्रैल (एपी) यूरोपीय संघ (ईयू) के अधिकारी शुक्रवार को हंगरी में चुनावी जीत दर्ज करने वाले पीटर मैग्यार की टीम के सदस्यों के साथ बुडापेस्ट में यूक्रेन के लिए एक बड़े ऋण पैकेज सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठक करेंगे।
इस बैठक में निवर्तमान प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के शासनकाल के दौरान रोकी गई 17 अरब यूरो (लगभग 20 अरब अमेरिकी डॉलर) की राशि को जारी करने के मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी, जो हंगरी की सहायता के लिए है।
मैग्यार मई में सत्ता संभालेंगे, लेकिन यूरोपीय संघ नयी सरकार के साथ सहयोग को गति देने के लिए बातचीत को जल्द से जल्द शुरू करने की उम्मीद कर रहा है। यह बात यूरोपीय आयोग की प्रवक्ता पाउला पिन्हो ने बृहस्पतिवार को ब्रसेल्स में कही।
पिन्हो ने कहा कि कई विषयों पर बातचीत के लिहाज से समय तेजी से बीत रहा है। उन्होंने कहा कि मैग्यार के पदभार संभालने से पहले बुडापेस्ट में हो रही 'प्रारंभिक वार्ता' का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार के गठन के बाद, यदि उचित हो, तो कार्रवाई की जा सके और समय बर्बाद न करना पड़े।
ओर्बन के 16 साल के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक पतन की चिंताओं के कारण यूरोपीय संघ ने हंगरी को दी जाने वाली अरबों डॉलर की धनराशि रोक दी थी।
लेकिन यूरोपीय संघ और हंगरी के नये नेताओं ने हंगरी की कमजोर अर्थव्यवस्था में नकदी की भारी कमी को दूर करने के लिए जल्द से जल्द धनराशि जारी करने को प्राथमिकता दी है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने मंगलवार को 'एक्स' पर लिखा कि धनराशि जारी करने के लिए हंगरी की नीतियों को 'पुनर्स्थापित, पुनर्व्यवस्थित और सुधारने' के लिए तेजी से काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, ''कानून के शासन को बहाल करें। हमारे साझा यूरोपीय मूल्यों के साथ तालमेल बैठाएं। और यूरोपीय निवेश से उत्पन्न होने वाले अवसरों को खोलने के लिए सुधार करें।''
मैग्यार की पार्टी 'तिस्जा' ने संसद में भारी बहुमत हासिल किया है, जिससे गहन और त्वरित सुधार संभव हो सकेंगे। मैग्यार ने कहा है कि उनकी सरकार धन प्राप्त करने के लिए न्यायिक स्वतंत्रता, शैक्षणिक और मीडिया स्वतंत्रता और भ्रष्टाचार रोधी नीतियों को प्राथमिकता देगी।
निधि जारी करने के लिए आर्थिक और सरकारी सुधारों की आवश्यकता होगी। यह निधि 10 अरब यूरो की 'कोविड रिकवरी' निधि और 6.3 अरब यूरो की सामंजस्य निधि के रूप में विभाजित है, जिसे यूरोपीय संघ के भीतर संकट से जूझ रही अर्थव्यवस्थाओं को ऊपर उठाने के लिए बनाया गया है।
ब्रसेल्स और बुडापेस्ट कोविड से जुड़ी निधि को पहले जारी करने के लिए जल्दबाजी कर रहे हैं, क्योंकि इसकी अवधि अगस्त में समाप्त होने वाली है।
यूरोपीय संघ की निधि का एक प्रमुख प्राप्तकर्ता हंगरी लोकतांत्रिक मानदंडों से दूर जाने के लिए बढ़ती आलोचनाओं का सामना कर रहा था। आयोग ने एक दशक से अधिक समय से ओर्बन पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को भंग करने, मीडिया पर नियंत्रण करने और अल्पसंख्यक अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।
ओर्बन ने आयोग के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें हंगरी की संप्रभुता में हस्तक्षेप बताया था।
एपी संतोष पारुल
पारुल
पारुल
1704 1716 बुडापेस्ट