मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने विधायक देवेंद्र राणा के निधन पर शोक जताया
संतोष दिलीप
- 01 Nov 2024, 07:05 PM
- Updated: 07:05 PM
श्रीनगर, एक नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर शुक्रवार को शोक जताया।
राणा कभी उमर अब्दुल्ला के विश्वासपात्र हुआ करते थे। उन्होंने राणा के साथ बिताए गए ‘अच्छे पलों’ की तस्वीरें भी साझा कीं।
उमर के पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने राणा को एक दयालु व्यक्ति के रूप में याद किया, जिनका लोगों के साथ अच्छा जुड़ाव था।
उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘‘हमारे उनके साथ और इससे पहले उनके पिता के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। उमर उन्हें बहुत पसंद करते थे। वह (राणा) जम्मू में हमारी पार्टी में एक बड़े पद पर थे और उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2021 में अज्ञात कारणों से उन्हें हमारी पार्टी छोड़नी पड़ी। उन्होंने हमारे खिलाफ कुछ नहीं कहा। अच्छे काम कभी नहीं भूले जाते। जब कोई इस दुनिया से जाता है, तो केवल उसके अच्छे कामों को याद रखा जाना चाहिए और बाकी सब भूल जाना चाहिए।’’
उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘कल देर रात की भयानक खबर पर वास्तव में यकीन नहीं हो रहा है। मैं जानता हूं कि पिछले कुछ वर्षों में हमारे बीच मतभेद रहे हैं, लेकिन मैं राणा के साथ बिताए अच्छे पलों, साथ में किये बेहतरीन काम और अन्य यादों पर ध्यान केंद्रित करना पसंद करूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप बहुत जल्दी हमसे दूर चले गए और आपकी याद आएगी। अब आपकी आत्मा को शांति मिले। मेरी संवेदनाएं आपके परिवार के साथ हैं, लेकिन मैं उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए शब्द ढूंढ़ने में संघर्ष कर रहा हूं।’’
उमर अब्दुल्ला ने राणा के साथ 2009 में ली गई अपनी तस्वीरें भी साझा कीं।
नगरोटा से भाजपा विधायक और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भाई राणा का बृहस्पतिवार को हरियाणा के फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
वह 59 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी गुंजन राणा, उनकी बेटियां देवयानी और केतकी तथा बेटा अधिराज सिंह हैं।
राणा की मौत की खबर मिलते ही नेताओं सहित सैकड़ों लोग जम्मू के गांधीनगर इलाके में उनके आवास पर एकत्र हो गए। जितेंद्र सिंह भी उनके घर पहुंचे।
इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने एक बयान जारी कर राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
भाषा संतोष