तेलुगु फिल्म चैंबर ने ‘कोरियोग्राफर’ जानी मास्टर के खिलाफ आरोपों की जांच की
जोहेब अमित माधव
- 18 Sep 2024, 09:43 PM
- Updated: 09:43 PM
हैदराबाद, 18 सितंबर (भाषा) तेलुगु फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा गठित एक समिति ने जानी मास्टर के नाम से प्रसिद्ध ‘कोरियोग्राफर’ शेख जानी के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। ये आरोप उनके साथ काम करने वाली एक किशोरी ने लगाए थे।
समिति के एक सदस्य तम्मारेड्डी भारद्वाज के अनुसार, समिति को पीड़िता से शिकायत प्राप्त होने की तारीख से 90 दिन में पूरे मामले पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
भारद्वाज ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमें पीड़िता की ओर से 15 दिन पहले शिकायत मिली थी। हमने पीड़िता और आरोपी दोनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हम गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं। हमें 90 दिन में रिपोर्ट सौंपनी है। लेकिन हमें उम्मीद है कि उससे पहले ही हम अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे।”
साइबराबाद पुलिस ने जानी मास्टर के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। किशोरी ने आरोप लगाया है कि ‘आउटडोर शूटिंग’ के दौरान आरोपी ने उसका यौन उत्पीड़न किया और घर पर भी उस पर हमला किया।
रायदुर्गम पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर एक ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की और रविवार रात को इसे नरसिंगी पुलिस थाने को भेज दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है।
इस बीच, घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया और तेलंगाना भाजपा महिला मोर्चा ने एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी इसे "लव जिहाद" का मामला मानती है।
मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, "यह लव जिहाद का मामला है। आरोपी के खिलाफ साधारण मामले क्यों दर्ज किए गए जबकि प्राथमिकी में साफ तौर पर दर्ज है कि उसने एक हिंदू लड़की को फंसाया था। आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जाना उचित नहीं है।"
बयान में कहा गया है कि पार्टी राज्य सरकार से किसी भी तरह के दबाव में आए बिना पारदर्शी जांच करने की मांग करती है।
जानी मास्टर जनसेना पार्टी के सदस्य हैं।
पवन कल्याण के नेतृत्व वाली जनसेना पार्टी ने एक बयान में कहा था कि जानी मास्टर को पार्टी के कार्यक्रमों से दूर रहने के लिए कहा गया है। जनसेना ने उनके खिलाफ पुलिस मामला दर्ज होने के मद्देनजर यह फैसला लिया है।
भाषा जोहेब अमित