राजनीतिक सचिव और पुलिस के शीर्ष अधिकारी के खिलाफ आरोपों की जांच की घोषणा
खारी नरेश
- 02 Sep 2024, 12:39 PM
- Updated: 12:39 PM
तिरुवनंतपुरम/कोट्टयम, दो सितंबर (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य के कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) विधायक पी.वी. अनवर द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच शीर्ष स्तर के एक अधिकारी से कराने की सोमवार को घोषणा की।
उन्होंने कोट्टायम में पुलिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में यह बयान दिया।
इसी बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी सोमवार को कहा कि पार्टी और वामपंथी सरकार सभी आरोपों की गहन जांच करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मुद्दे उठाए गए हैं, उनका अत्यंत गंभीरता से समाधान किया जाएगा और पुलिस में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नीलांबुर से विधायक अनवर ने पी शशि और एडीजीपी (कानून और व्यवस्था) अजीत कुमार पर विश्वासघात और ईमानदारी से जिम्मेदारियां निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
अनवर ने आरोप लगाया कि कुमार ने मंत्रियों के फोन टैप कराए। इसके अलावा सोने की तस्करी करने वाले गिरोह से उनके संबंध हैं और वह गंभीर अपराधों में संलिप्त हैं।
अजीत कुमार को मुख्यमंत्री का सबसे करीबी और भरोसेमंद माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीर्ष स्तर के एक अधिकारी को सभी आरोपों की जांच करने का जिम्मा सौंपने का निर्णय लिया गया है, हालांकि उन्होंने अनवर के आरोपों का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया।
वहीं, कारोबारी से नेता बने एवं दो बार के विधायक अनवर द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने संवाददाताओं से कहा‘‘आरोपों के सभी पहलुओं की सरकार और पार्टी द्वारा गंभीरता के साथ जांच करायी जाएगी और उसके अनुसार ही कोई कदम उठाया जाएगा।’’
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के प्रमुख व्यक्ति और शीर्ष स्तर के अधिकारी के खिलाफ वामपंथी विधायक के आरोपों से राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है और विपक्षी दल तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करने के साथ ही मुख्यमंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस नेतृत्व ने अनवर के आरोपों को ‘‘बेहद गंभीर’’ तथा ‘‘खतरनाक’’ बताया और सीएमओ में चल रही कथित अवैध गतिविधियों की व्यापक जांच की मांग की, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुख्यमंत्री से सत्तारूढ़ विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने को कहा है।
भाषा
खारी