कांग्रेस की दिल्ली इकाई भाजपा के सांसदों की विफलताओं को उजागर करेगी: अरविंदर सिंह लवली
सिम्मी पवनेश
- 19 Mar 2024, 10:35 PM
- Updated: 10:35 PM
(तस्वीरों के साथ जारी)
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी लोगों से संपर्क कर उन्हें दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सात सांसदों के कार्यकाल की विफलताओं के बारे में बताएगी।
दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सांसद चुने जाने पर स्वास्थ्य और शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार सहित अपनी 100 दिनों की ‘‘प्राथमिकताओं’’ का खाका पेश किया था।
लवली ने इसके एक दिन बाद मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम हर लोकसभा क्षेत्र में जाएंगे और पिछले 10 साल में संबंधित (क्षेत्रों के) भाजपा सांसदों की विफलताओं को उजागर करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा सांसदों के खिलाफ अगले सप्ताह एक ‘‘आरोप पत्र’’ भी संभवत: जारी करेगी।
लवली ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ग्रामीण विकास योजना के तहत सांसदों को 56 गांव को गोद लेना था, लेकिन केवल 12 गांव गोद लिए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने ‘हिसाब दो, जवाब दो’ अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित अपनी ‘प्रतिज्ञा’ रैली के दौरान मांग की कि भाजपा सांसद अपनी एमपीलैड (सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना) निधि का उपयोग करके अपने किए गए कार्यों की एक सूची प्रदान करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की जहरीली हवा ने प्रत्येक नागरिक की आयु कम कर दी है और प्रदूषित यमुना आंखों की किरकिरी और निराशा का स्रोत बन गई है। भाजपा सांसद केवल छठ पूजा के दौरान ही कुछ देर के लिए यमुना के पास देखे जाते हैं।’’
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भाजपा सांसदों ने पिछले 10 साल में राष्ट्रीय राजधानी में नए स्कूल, अस्पताल या अन्य बुनियादी ढांचे की स्थापना में कोई योगदान नहीं दिया।
लवली ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जारी प्रवर्तन निदेशालय के समन के बारे में सवाल किए जाने पर कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा कहा है कि अगर कोई दोषी है, तो कार्रवाई की जानी चाहिए लेकिन राजनीतिक हितों को साधने के लिए जिस तरह से एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, कांग्रेस उसका विरोध करती है।’’
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, दिल्ली की सात लोकसभा सीट के लिए आम चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा, जिसमें 1.47 करोड़ लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
भाषा
सिम्मी