उदयपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या
संतोष
- 23 Jul 2026, 06:30 PM
- Updated: 06:30 PM
जयपुर, 23 जुलाई (भाषा) राजस्थान के उदयपुर जिले में बुधवार रात अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पहली घटना के तहत आयड़ क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर उस व्यक्ति की हत्या कर दी जिसके साथ वह किराए के एक कमरे में रहता था। युवक ने हत्या करके शव को कमरे में रखे बेड के 'बॉक्स' में छिपा दिया और इसके बाद फरार हो गया।
दूसरी घटना के तहत गोगुंदा कस्बे में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की उसके पड़ोसी ने तलवार से हमला करके हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, झारखंड के लातेहार जिले का रहने वाला अजय सिंह पासवान (21) आयड़ के छीपा कॉलोनी में किराए के कमरे में एक अन्य युवक के साथ रहता था। दोनों मजदूरी का काम करते थे।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से अजय का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में रखे बेड के 'बॉक्स' में छिपा दिया और फरार हो गया।
बाद में उसने जल्दबाजी में अपने ठेकेदार को फोन कर बताया कि वह झारखंड जा रहा है। इससे ठेकेदार को शक हुआ और उसने अन्य मजदूरों को कमरे पर भेजा तो उन्हें अजय का शव देखा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की मदद से उसे अजमेर में पकड़ लिया गया।
आरोपी के नाबालिग होने की आशंका है और उसकी उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है।
दूसरी घटना में गोगुंदा कस्बे के खटीक मोहल्ला में मामूली विवाद के बाद 55 वर्षीय व्यक्ति की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर तलवार से हमला करके हत्या कर दी।
गोगुंदा थाना प्रभारी रतन सिंह राजपुरोहित ने बताया कि देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक (55) की हत्या उसके पड़ोसी ओमप्रकाश खटीक ने की, जो घटना के बाद से फरार है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब देवीलाल घर से बाहर शौच के लिए गया था।
इस दौरान आरोपी ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने कहा, ''विवाद के बाद आरोपी अपने घर से तलवार लेकर आया और देवीलाल पर कई वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।"
भाषा बाकोलिया संतोष
संतोष
2307 1830 जयपुर