ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों ने सर्वसम्मति से 16वां ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्री-स्तरीय घोषणापत्र अपनाया
सुरेश
- 23 Jul 2026, 06:29 PM
- Updated: 06:29 PM
चंडीगढ़, 23 जुलाई (भाषा) भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की 16वीं बैठक यहां आयोजित हुई और स्वास्थ्य मंत्री-स्तरीय घोषणापत्र को सर्वसम्मति से अपनाया गया, जो ब्रिक्स देशों के स्वास्थ्य सहयोग को और गहरा करने तथा अधिक लचीली, समानतापूर्ण एवं जन-केंद्रित स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के स्वास्थ्य मंत्री, प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ शामिल हुए। उन्होंने साझा जनस्वास्थ्य प्राथमिकताओं पर सहयोग बढ़ाने और अधिक सुदृढ़ वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास का निर्माण' शीर्षक के तहत आयोजित इस बैठक ने सदस्य देशों को प्रमुख स्वास्थ्य चुनौतियों पर चर्चा करने तथा स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने, महामारी की रोकथाम, तैयारियों और प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने तथा निरंतर सहयोग के माध्यम से सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज को आगे बढ़ाने की अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान किया।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम 16वें ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्री-स्तरीय घोषणापत्र को सर्वसम्मति से अपनाया जाना रहा। यह घोषणापत्र स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा अधिक लचीली, न्यायसंगत और जन-केंद्रित स्वास्थ्य प्रणालियों के निर्माण के प्रति ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भारत इस वर्ष अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 22 से 24 जुलाई तक चंडीगढ़ में ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की 16वीं बैठक की मेजबानी कर रहा है। मंत्रिस्तरीय बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित की गई।
ब्रिक्स एक बहुपक्षीय संगठन है, जिसमें प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके सदस्य देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की 16वीं बैठक को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने जन-केंद्रित नीतियों, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक पहुंच, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और बेहतर सेवा वितरण व्यवस्था के माध्यम से अपने स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने के लिए व्यापक और परिवर्तनकारी सुधार किए हैं।
नड्डा ने ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों, प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया तथा भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान उनके निरंतर सहयोग और सक्रिय सहभागिता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश
2307 1829 चंडीगढ़