दिल्लीः लोक निर्माण विभाग को जलभराव से जुड़ी 22 और पेड़ उखड़ने की तीन शिकायत मिलीं
योगेश नरेश
- 09 Jul 2024, 05:23 PM
- Updated: 05:23 PM
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हुआ, जिसके कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बताया कि दोपहर तक उसे जलभराव के संबंध में 22 कॉल प्राप्त हुईं जबकि पेड़ उखड़ने से संबंधित तीन से चार शिकायतें मिलीं।
'स्पाइस जेट एयरलाइन' ने कहा कि खराब मौसम के कारण दिल्ली से आने-जाने वाली सभी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। 'एयरलाइन' ने यात्रियों से अपनी उड़ानों की स्थिति पर नजर रखने को कहा है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "जलभराव के कारण आजाद मार्केट से शास्त्री नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।"
एक अन्य पोस्ट में पुलिस ने कहा कि सीवर पाइपलाइन फटने के कारण सी-हेक्सागन से अशोक रोड के सामने विंडसर पैलेस गोल चक्कर पर यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने 'एक्स' पर कहा,"पानी भरने के कारण राजधानी पार्क से मुंडका और विपरीत दिशा में रोहतक रोड पर दोनों तरफ यातायात प्रभावित है। कृपया अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।"
पुलिस के अनुसार बारिश के कारण एमबी रोड पर खानपुर टी-पॉइंट से हमदर्द टी-पॉइंट की ओर एवं इसके विपरीत दोनों तरफ यातायात प्रभावित हुआ।
यात्रियों ने भी सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी परेशानी साझा कीं।
एक यात्री ने बताया कि सराय काले खां के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात की स्थिति बदतर थी।
एक अन्य यात्री ने कहा कि वजीराबाद फ्लाईओवर से कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक भारी यातायात था।
अन्य लोगों ने कहा कि सावित्री फ्लाईओवर के नीचे, महिपालपुर से रंगपुरी सिग्नल तक, एमबी रोड संगम विहार से खानपुर, संत नगर मुख्य बाजार, धौला कुआं से महिपालपुर, पश्चिम विहार, तीस हजारी रेड लाइट पर, रानी झांसी रोड पर, झंडेवालान के आसपास विभिन्न स्थानों पर भारी जाम था।
संगम विहार, देवली, ग्रेटर कैलाश, किशनगंज, मंडोली, सिविक सेंटर के पास और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के बाहर समेत कई अन्य इलाकों में भी बारिश के बाद जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान नरेला, बवाना, अलीपुर, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, नजफगढ़, द्वारका, अक्षरधाम, वसंत विहार, महरौली, छतरपुर और आया नगर जैसे इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
भाषा
योगेश