एचडीएफसी, एक्सिस बैंक में भारी बिकवाली से सेंसेक्स 443 अंक टूटा
अजय
- 20 Jul 2026, 04:45 PM
- Updated: 04:45 PM
मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के साथ मार्जिन संबंधी दबाव को लेकर एचडीएफसी और एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख बैंकों के शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 443 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 96 अंक के नुकसान में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 442.93 अंक यानी 0.57 प्रतिशत टूटकर 77,708.52 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 783.16 अंक टूटकर 77,368.29 अंक पर आ गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 95.80 अंक यानी 0.39 प्रतिशत टूटकर 24,238.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में, एक्सिस बैंक सबसे अधिक नुकसान में रहा। बीते शनिवार को तिमाही नतीजों के बाद इसमें 5.48 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं एचडीएफसी बैंक में 5.12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ''एचडीएफसी बैंक ने खासकर शुद्ध ब्याज मार्जिन के मोर्चे पर निराश किया है।''
मारुति, कोटक महिंद्रा बैंक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और भारती एयरटेल शामिल हैं।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ''भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। इसका कारण पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर प्रौद्योगिकी शेयरों की अगुवाई में बिकवाली के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।''
उन्होंने कहा, ''एचडीएफसी बैंक में तेज गिरावट ने नुकसान को और बढ़ा दिया। उम्मीद से कमजोर शुद्ध ब्याज मार्जिन ने निवेशकों को निराश किया। इससे बैंक क्षेत्र और शेयर बाजार पर दबाव पड़ा।''
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88.06 डॉलर प्रति बैरल पर पर रहा।
एशिया के अन्य बाजारों में, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.46 प्रतिशत टूट गया। जापान के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नुकसान में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 376.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 964.58 अंक चढ़ा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 261.55 अंक का लाभ रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय
2007 1645 मुंबई