क्षेत्रीय ब्रांड का मुकाबला करने के लिए स्थानीय रणनीति मजबूत कर रही है ब्रिटानिया : सीईओ
योगेश
- 19 Jul 2026, 01:38 PM
- Updated: 01:38 PM
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) बिस्कुट बनाने वाली कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज क्षेत्रीय ब्रांड की बढ़ती प्रतिस्पर्धा का मुकाबला करने के लिए अपनी स्थानीय रणनीति को मजबूत कर रही है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रक्षित हर्गेव ने कहा है कि कंपनी क्षेत्रीय बाजारों की जरूरतों के अनुरूप उत्पादों में बदलाव कर रही है और स्थानीय टीमों को अधिक अधिकार दे रही है।
ब्रिटानिया केक और ब्रेड भी बेचती है। हर्गेव ने कहा कि क्षेत्रीय उत्पादों के साथ स्थानीय कंपनियों की बढ़ती मौजूदगी अब एक वास्तविकता है और उनसे मुकाबला करने के लिए अलग रणनीति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ब्रिटानिया को इन कंपनियों के साथ समान स्तर पर प्रतिस्पर्धा करनी होगी।
हर्गेव ने उद्योग मंडल फिक्की द्वारा आयोजित कार्यक्रम के इतर कहा कि कंपनी ने कई भारतीय बाजारों को ध्यान में रखते हुए छोटी और सक्षम टीमों का गठन किया है, जो स्थानीय उपभोक्ताओं की पसंद के अनुरूप उत्पाद तैयार करने पर काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत ब्रांड पहचान का लाभ जरूर मिलता है, लेकिन उपभोक्ता स्तर पर सफलता के लिए कीमत, स्वाद और पैकेजिंग जैसे पहलुओं पर स्थानीय प्रतिस्पर्धियों के बराबर खड़ा होना जरूरी है। हालांकि, उन्होंने मूल्य रणनीति पर कुछ नहीं कहा।
पैकेटबंद खाद्य पदार्थ क्षेत्र में क्षेत्रीय कंपनियों के विस्तार से बड़ी कंपनियों के सामने चुनौती बढ़ी है। ये कंपनियां स्थानीय स्वाद के अनुसार उत्पाद, आकर्षक कीमतें और बेहतर वितरण नेटवर्क के माध्यम से बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर रही हैं।
मांग के माहौल पर हर्गेव ने कहा कि महंगाई की स्थिति अब भी अनिश्चित बनी हुई है और उद्योग इस पर लगातार नजर रख रहा है।
उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण बढ़ी महंगाई का असर अब भी दिखाई दे रहा है।
उन्होंने त्वरित वाणिज्य (क्विक कॉमर्स) को नए उत्पादों के परीक्षण और प्रीमियम उत्पादों के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उनके अनुसार, ये मंच कंपनियों को कम जोखिम के साथ नए उत्पादों को बाजार में आजमाने और उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया जल्दी प्राप्त करने का अवसर देते हैं।
हर्गेव ने कहा कि क्विक कॉमर्स में प्रयोग और सीखने की संभावनाएं अधिक हैं। हालांकि, यहां असफलता की लागत भी तेजी से सामने आती है। यदि कोई उत्पाद सफल होता है तो उसे अन्य बिक्री चैनल के माध्यम से भी बाजार में उतारा जा सकता है।
भाषा अजय अजय योगेश
योगेश
1907 1338 दिल्ली