अमित शाह ने सिलीगुड़ी के पास बीएसएफ चौकी पर सीमा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की
माधव
- 18 Jul 2026, 06:27 PM
- Updated: 06:27 PM
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 18 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तर बंगाल में संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ से लगे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के लिए 77.06 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शाह उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी शहर के बाहरी इलाके में फुलबाड़ी सीमा चौकी के जुमागाछ क्षेत्र स्थित बीएसएफ की 18वीं बटालियन की सीमा चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने बीएसएफ के जवानों से बातचीत की, सीमा बाड़ के पास स्थित निगरानी मीनार का दौरा किया और एक पौधा भी लगाया।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम बागडोगरा पहुंचे थे। यह इस महीने उनका दूसरा पश्चिम बंगाल दौरा है। उन्होंने बीएसएफ के 'प्रहरी सम्मेलन' में भी हिस्सा लिया। उनके साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी थे।
इस दौरान मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, गृह सचिव संगमित्रा घोष, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) महानिदेशक राकेश अग्रवाल और राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्ध नाथ गुप्ता सहित वरिष्ठ नौकरशाह और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
शाह का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब 'चिकन नेक' कहलाने वाले सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 17 से 22 किलोमीटर चौड़ी यह भूमि पट्टी मुख्य भूमि भारत को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों से जोड़ने वाला एकमात्र स्थलीय संपर्क मार्ग है और सीमा सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
यह कॉरिडोर उत्तर में नेपाल, दक्षिण में बांग्लादेश और उत्तर-पूर्व में भूटान की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बीच स्थित है।
हाल में राज्य की नवनिर्वाचित शुभेंदु अधिकारी सरकार ने इस क्षेत्र में सीमा बाड़बंदी के लिए 120 एकड़ भूमि बीएसएफ को हस्तांतरित की थी। साथ ही, पहले राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के राष्ट्रीय राजमार्ग प्रकोष्ठ के अधीन आने वाले इस क्षेत्र के सात महत्वपूर्ण राजमार्गों का प्रबंधन केंद्र सरकार को सौंप दिया था।
शाह शनिवार को बाद में उत्तर बंगाल स्थित राज्य सचिवालय की शाखा उत्तर कन्या में सीमा प्रबंधन, राज्य में नये आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन तथा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण सहित विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर कई बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
वह शनिवार शाम कोलकाता पहुंचेंगे और अगले दिन विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
भाषा अमित माधव
माधव
1807 1827 सिलीगुड़ी